देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने कुमाऊँ-गढ़वाल के मंडल आयुक्तों सहित सभी जनपदों के जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंस कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की समीक्षा की।
65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं के घर जाकर होगी सुनवाई
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों के डीईओ को निर्देश दिए कि 65 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं के घर पर जाकर जारी नोटिसों की सुनवाई करेंगे। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देश देते हुए कहा कि इस बात का विशेष ध्यान रहे कि विसंगति वाले नोटिसों के मामलों में बुजुर्ग एवं दिव्यांग मतदाताओं को अनावश्यक रूप से बूथ पर न आना पड़े।
फॉर्म 6, फॉर्म 7 और फॉर्म 8 के आवेदनों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
समीक्षा बैठक में मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सभी जनपदों के डीईओ को फॉर्म 6, फॉर्म 7 एवं फॉर्म 8 के तहत अब तक प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जांच कर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
एक मतदाता द्वारा पांच से अधिक दावे एवं आपत्तियों पर होगी विशेष जांच
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दावे एवं आपत्तियों के चरण में यदि किसी एक मतदाता द्वारा पांच से अधिक मामलों में दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जाती हैं, तो इसके लिए नियत प्रावधानों के अनुसार ईआरओ स्वयं अपने स्तर पर विधिवत जांच एवं सत्यापन की कार्रवाई करेंगे।
मंडल आयुक्तों को जिलेवार सुपर चेकिंग के निर्देश
मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने आयुक्त कुमाऊँ दीपक रावत एवं आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप को अपने-अपने मंडलों में स्वयं जिलेवार भ्रमण कर सुपर चेकिंग करने के निर्देश दिए हैं।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
बैठक में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री मस्तू दास के अतिरिक्त दोनों मंडल आयुक्त एवं सभी जिलाधिकारी उपस्थित रहे।














