अमरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इसी साल मई में चीन के दौरे पर गए थे, लेकिन चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत नहीं किया था। लेकिन, इसके उलट अब जिनपिंग अपनी पत्नी पेंग लियुआन के साथ अमेरिका तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचे हैं। हैरानी की बात ये है कि अमेरिका जिनपिंग के स्वागत में पलक पावड़े बिछाए बैठा है।
ऐसा इसलिए कि चीनी राष्ट्रपति जब बुधवार को जॉइंट बेस एंड्रयूज पर लैंड हुए तो वहां ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप एयरपोर्ट पर खुद उनका स्वागत करने पहुंचे।
स्वागत का तरीका
जैसे ही शी का विमान मैरीलैंड स्थित इस सैन्य एयरबेस पर उतरा। वहां 100 फुट लंबा लाल कार्पेट बिछाया गया था। कार्पेट के दोनों तरफ 21 सदस्यों का ऑनर गार्ड खड़ा था। अमेरिकी और चीनी झंडे लिए कलर टीमें भी मौजूद थीं। सलामी बैटरी ने सलामी दी। अमेरिकी वायुसेना का बैंड दोनों देशों के राष्ट्रीय गान बजा रहा था।
दो बी-1 बॉम्बर्स ने एयरबेस के ऊपर उड़ान भरी। ये सुपरसोनिक विमान अमेरिकी सैन्य बेड़े का हिस्सा हैं और कम ऊंचाई पर उड़ान भरते समय जोरदार आवाज करते हैं। ट्रंप और मेलानिया ने शी और पेंग से हाथ मिलाया। कुछ देर बातचीत के बाद चीनी जोड़ा लाल कार्पेट पर चला और मोटरकेड में एयरबेस छोड़ दिया। ट्रंप और मेलानिया मरीन वन हेलीकॉप्टर से व्हाइट हाउस लौट गए।
यह स्वागत क्यों खास है
अमेरिकी राष्ट्रपति का किसी विदेशी नेता का एयरपोर्ट पर खुद स्वागत करना आम बात नहीं है। रिपोर्ट्स के मुताबिक 1962 के बाद यह पहली बार हुआ। शी की यह वाशिंगटन यात्रा 2015 के बाद पहली है।
इससे पहले मई में जब ट्रंप चीन गए थे तो शी खुद एयरपोर्ट पर उनका स्वागत नहीं करने आए थे। चीनी उपराष्ट्रपति हान झेंग ने उनका स्वागत किया था। वहां भी लाल कार्पेट, सैन्य सम्मान गार्ड, बैंड और झंडे वाले युवा मौजूद थे। मेलानिया ट्रंप ने पहले कहा था कि उनके पति ने शी का खुद स्वागत करने का फैसला इसलिए किया क्योंकि दोनों के बीच अच्छा रिश्ता है। उन्होंने कहा कि शी अमेरिकी मिट्टी पर आए हैं तो उनका सम्मान के साथ स्वागत होना चाहिए।
यात्रा का मकसद
यह तीन दिन की यात्रा है। दोनों नेता व्यापार, टैरिफ, तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सैन्य संबंध, ताइवान, ईरान और रूस-यूक्रेन युद्ध जैसे मुद्दों पर बात करेंगे। स्वागत समारोह में अमेरिकी सैन्य सेवाओं के प्लाटून भी शामिल थे। कुछ रिपोर्ट्स में बताया गया कि एयरबेस पर एफ-16 और एफ-22 विमान भी खड़े थे। ट्रंप ने दस्ताने और कोट पहना था। उन्होंने एक दस्ताना उतारकर शी से हाथ मिलाया।











