बुधवार देर रात यमुना एक्सप्रेसवे पर ग्रेटर नोएडा के करीब एक स्लीपर बस में आग लगने का वीभत्स हादसा हुआ, जिसमें 9 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। दयानतपुर गांव के पास यह हादसा हुआ। बस दिल्ली से महोबा जा रही थी। राज कल्पना ट्रैवल्स की यह बस थी, जिसका नंबर BR32 PA8647 है। बस में करीब 35 यात्री सवार थे।
कैसे लगी आग और क्या हुआ
बताया जाता है कि बस हाईवे पर तेजी से आगे बढ़ रही थी, उसी दौरान उसमें अचानक आग लग गई। चालक ने जल्दी से बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोक दिया। यात्रियों में भगदड़ मच गई। कई लोग खिड़कियों से कूदकर बाहर निकल गए और अपनी जान बचा ली। लेकिन आग तेजी से फैलने की वजह से कुछ यात्री अंदर ही फंस गए। उन्हें बाहर आने का समय नहीं मिला।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग के दौरान बस से पटाखे फूटने जैसी आवाजें आ रही थीं। टोल कर्मचारी भी कहते हैं कि आग लगने के थोड़ी देर में ही लपटें तेजी से फैल गईं और डबल डेकर बस धू-धूकर जलने लगी। लपटें दूर तक दिख रही थीं, जिससे आसपास गुजर रहे वाहनों के चालक भी घबरा गए।
इसे भी पढ़ें: गुरु तेग बहादुर के बलिदान ने विफल किए औरंगजेब के नापाक मंसूबे: राजस्थान विश्वविद्यालय में बोले डॉ. कृष्ण गोपाल जी
मौतें और घायल
इस हादसे में 9 यात्रियों की जलकर मौत हो गई। मौत की पुष्टि सुबह करीब 3:30 बजे हुई। मरने वालों में महिलाएं, बुजुर्ग और दिव्यांग बच्चे भी शामिल हैं। घायल यात्रियों को नजदीकी कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना मिलते ही यमुना एक्सप्रेसवे की निजी सुरक्षा टीम और पुलिस मौके पर पहुंच गई। करीब चार-पांच फायर टेंडर और पानी के टैंकर बुलाए गए। आधे घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। सुरक्षा के लिए जेवर टोल और फलैदा कट पर करीब 20 मिनट तक यातायात रोक दिया गया था। आग बुझने के बाद ट्रैफिक फिर सामान्य हो गया।
पुलिस के उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस जांच कर रही है कि आग कैसे लगी। कुछ लोगों का कहना है कि सामान के साथ अवैध रूप से पटाखे ले जाए जा रहे थे, जिसकी वजह से आग तेजी से फैली। सटीक कारण अभी पता नहीं चल पाया है।











