अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के बीच जुबानी जंग छिड़ गई है। जॉर्जिया मेलोनी ने ट्रंप के जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए भीख मांगने का दावा किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। मेलोनी ने ट्रंप के बयान को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे मनगढ़ंत कहानी बताया और कहा कि न तो वह और न ही उनका देश कभी किसी के सामने भीख मांगता है। मेलोनी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आज एक वीडियो जारी कहा, “इटली और मैं कभी भीख नहीं मांगते।”
ट्रंप ने इंटरव्यू में क्या दावा किया था?
दरअसल, ट्रंप ने शुक्रवार (18 जून) को इटली के टीवी चैनल La7 को दिए एक इंटरव्यू में दावा किया था कि जी7 सम्मेलन के दौरान मेलोनी ने उनके साथ फोटो खिंचवाने के लिए बार-बार भीख मांगी थी। La7 के मुताबिक, ट्रंप ने कहा कि मेलोनी ने उनसे फोटो खिंचवाने के लिए भीख मांगी थी। शुरुआत में वह इसके लिए तैयार नहीं थे, लेकिन बाद में उन्हें मेलोनी पर तरस आ गया और उन्होंने फोटो खिंचवाने की अनुमति दे दी। La7 ने इंटरव्यू का ओरिजिनल ऑडियो जारी नहीं किया, डब किया हुआ वर्जन ही ऑनलाइन लगााया है। इंटरव्यू में यूक्रेन से जुड़े सवाल के जवाब में ट्रंप ने ही पहले मेलोनी का मुद्दा छेड़ा था, जिसके बाद बातचीत का केंद्र मेलोनी के साथ उनकी मुलाकात बन गई। ट्रंप के इस बयान पर इटली में भी नाराजगी देखने को मिली। इटली के विदेश मंत्री एंटोनियो तजानी ने ट्रंप के दावे को प्रधानमंत्री और पूरे देश के सम्मान पर हमला बताया। उन्होंने इस टिप्पणी को अनुचित और आक्रामक करार देते हुए अमेरिका की अपनी प्रस्तावित यात्रा रद्द कर दी।
मेलोनी ने कड़े शब्दों में दिया जवाब
मेलोनी के शब्दों में, “डोनाल्ड ट्रंप के बयान पूरी तरह से मनगढ़ंत हैं। मैं सचमुच हैरान हूं। मुझे नहीं पता कि अमेरिका के राष्ट्रपति अपने सहयोगियों के साथ ऐसा व्यवहार क्यों करते हैं और ऐसा पहली बार नहीं हुआ है।” उन्होंने आगे कहा, “मैं बस इतना कह सकती हूं कि यह निराशाजनक है कि वे पश्चिम और अमेरिका के दुश्मनों के प्रति वैसी दृढ़ता नहीं दिखाते, बल्कि उनके नेताओं के साथ वे कहीं ज्यादा नरमी से पेश आते हैं। उन्हें एक बात याद रखनी चाहिए, न तो मैं और न ही इटली कभी भीख मांगते हैं।”
इटली के विदेश मंत्री ने अमेरिका की यात्रा रद्द की
अपनी प्रस्तावित अमेरिका की यात्रा को रद्द करने की घोषणा करते हुए इटली के विदेश मंत्री ताजानी ने एक्स पर कहा, “प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के प्रति राष्ट्रपति ट्रंप के गंभीर और अपमानजनक शब्द पूरे देश का अपमान करते हैं।” मेलोनी के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि ट्रंप ऐतिहासिक रिश्तों को बर्बाद कर रहे हैं।
मेलोनी ने दोनों देशों के बीच मजबूत संबंध बनाने की कोशिश की
मेलोनी ने लंबे समय से अमेरिका और इटली के संबंधों को मजबूत बनाए रखने की कोशिश की है। ट्रंप के दूसरे कार्यकाल में उन्होंने खुद को वॉशिंगटन और यूरोपीय संघ के बीच एक पुल के रूप मे पेश किया। मेलोनी, ट्रंप के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने वाली अकेली यूरोपीय संघ की प्रमुख थीं।

















