नई दिल्ली: अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष जारी है। इस संघर्ष के बीच अब अमेरिका ने ईरान को उसके सभी एयरलाइंस ठप करने की चेतावनी दी है। अमेरिका ने ईरान के विमानन क्षेत्र के खिलाफ अब तक की सबसे सख्त कार्रवाई की घोषणा कर दी है। आइए जानते हैं क्या है यह पूरा मामला?
US की धमकी- 23 सितंबर से दुनियाभर में ठप ईरानी एयरलाइंस
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने चेतावनी दी है कि 23 सितंबर से दुनिया भर में सभी ईरानी एयरलाइंस का संचालन पूरी तरह ठप कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी देश में ईरानी विमान लैंड करते हैं तो कोई भी उन्हें ईंधन नहीं दे सकता।
ईरान के विमानों को ईंधन देने वाले देशों पर होगी ये कार्रवाई
अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने ईरानी एयरलाइंस की मदद करने वाले देशों के लिए भी चेतावनी जारी की है। उनका कहना है कि कोई भी देश ईरानी विमानों को लैंडिंग सेवाएं उपलब्ध नहीं करा सकता और न ही उनके टिकट बेच सकता है।
अगर किसी भी देश ने ईरानी विमानों को किसी भी प्रकार की सहायता मुहैया कराई तो उसे फौरन डॉलर आधारित वित्तीय प्रणाली से पूरी तरह बाहर कर दिया जाएगा। अब देखना है कि अमेरिका की इस धमकी का क्या असर होता है। अभी बहुत सारे देशों में ईरानी एयरलाइंस का संचालन होता है। लेकिन अमेरिका ने अपने साथ ही सभी देशों से उनके संचालन को ठप करने, किसी भी देश में ईरानी एयरलाइंस को लैंड न कराने की धमकी दी है। इसका व्यापक असर आवाजाही पर हो सकता है।
ईरान ने भी दी अमेरिका को घातक हमलों की चेतावनी
वहीं, ईरान ने भी अमेरिका को चेतावनी दी है। ईरान के केंद्रीय सैन्य कमान खतम अल-अंबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर ने अमेरिका को चेतावनी दी है कि यदि उसने ईरान के खिलाफ कोई भी नई सैन्य कार्रवाई शुरू की तो पूरे पश्चिम एशिया में मौजूद अमेरिकी ठिकानों पर घातक हमले होंगे। अगर अमेरिका ने कोई भी चूक की तो बिना किसी विचार के जवाबी कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले ट्रंप भी ईरान के लिए कह चुके हैं कि अगर उसने अपना रुख नहीं बदला तो अमेरिका उस पर कड़ा रुख अपनाएगा।
















