पिछले लंबे समय से पंजाब में नशे की नित नई शर्मनाक व दिल दहलाने वाली घटनाएं सुनने को मिल रही हैं, उसी क्रम में एक नई घटना जुड़ गई जिसमें एक मां ने छह महीने में ही नशे के चलते अपना दूसरा बेटा खो दिया।
सुनाम शहर के मोहणा पौडिय़ां इलाके में 26 वर्षीय युवक कमलप्रीत सिंह की मौत हो गई। छह महीने पहले ही उसके छोटे भाई ने नशे के कारण दम तोड़ा था। अब कमलप्रीत की मौत के बाद परिवार बेसुध है।
पहले छोटा बेटा नशे बलि चढ़ा अब बड़ा भी
बीती रात सुनाम के मोहणा पौडय़िां इलाके में नशे की ओवरडोज के कारण 26 वर्षीय युवक कमलप्रीत सिंह की मौत हो गई। पीड़ित परिवार पर जो बीती है, उसे सुनकर हर किसी की आंखें नम हैं। मात्र 6 महीने के छोटे से अंतराल में इस अभागे परिवार ने अपने दोनों बेटों को नशे की बलि चढ़ते देखा है। कुछ माह पहले ही छोटा बेटा नशे की भेंट चढ़ा था और अब बड़ा बेटा कमलप्रीत भी दुनिया छोड़ गया।
दुकान पर अचेत मिला था बेटा
जानकारी के अनुसार, कमलप्रीत नशे का आदी हो चुका था। बीती रात जब वह पिता की दुकान से समय पर घर नहीं लौटा, तो उसकी मां और बहन ढूंढते हुए दुकान पर पहुंचीं। वहां का दृश्य देखकर उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमलप्रीत बेसुध पड़ा हुआ था। उस समय पिता काम के सिलसिले में शहर से बाहर गए हुए थे। परिजन रोते-बिलखते उसे सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इलाके में धड़ल्ले से बिक रहा नशा
इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे इलाके में मातम और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय युवाओं ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल की है । युवाओं ने गम और गुस्से में कहा कि सुनाम में नशे का कारोबार इस कदर धड़ल्ले से फल-फूल रहा है कि बाहरी जिलों के नशेडिय़ों में भी यह चर्चा रहती है कि यहां सबसे फाइन क्वालिटी का चिट्टा आसानी से मिलता है।
आरोपी मां-बेटे पर केस दर्ज
थाना शहरी सुनाम के एसएचओ इंस्पेक्टर बलवंत सिंह ने बताया कि नशीला पदार्थ सप्लाई करने के आरोप में मृतक के पिता के बयानों पर राजविंदर कौर और उसके बेटे हरमन सिंह उर्फ नेपाली के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। आरोपियों पर लंबे समय से नशे का कारोबार करने के आरोप हैं।













