US Israel Iran War News: ईरान के खिलाफ अमेरिका और इजराइल का युद्ध अभी थमा नहीं है। 28 दिन से यह लड़ाई चल रही है और कोई भी देश झुकने को तैयार नहीं है। पूरी दुनिया की नजर ईरान और अमेरिका के शांति समझौते पर है लेकिन अभी दोनों देशों की तरफ से इसे लेकर कोई स्पष्ट बयान और रणनीति सामने नहीं आई है। हालांकि अमेरिका और ईरान शांति समझौते के लिए पिछले दरवाजे से बातचीत कर रहे हैं। ट्रंप इसे लेकर बयान दे चुके हैं और कह चुके हैं कि ईरान के साथ बातचीत चल रही है लेकिन ईरान से इससे इंकार कर दिया है। ट्रंप कह चुके हैं कि ईरान में बैठी इस्लामिक सरकार उनसे वार्ता कर रही है। दूसरी तरफ ईरान इसे नकार रहा है।
इस बीच ट्रंप ने ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमले की अपनी समय सीमा को 10 दिन और आगे बढ़ा दिया है और 6 अप्रैल तक अमेरिका ईरान के ऊर्जा ठिकानों पर हमला नहीं करेगा।
क्या होर्मुज स्ट्रेट में टोल बूथ बन रहा है ईरान?
दूसरी तरफ मीडिया में ऐसी रिपोर्ट आ रही है जिनमें कहा जा रहा है कि ईरान होर्मुज स्ट्रेट “टोल बूथ” जैसी व्यवस्था बना रहा है। इन रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि ईरान तेल आपूर्ति के लिए विश्व के सबसे महत्वपूर्ण रास्ते होर्मुज स्ट्रेट का रक्षक बनने की ओर आगे बढ़ रहा है। संयुक्त राष्ट्र समुद्री प्राधिकरण को ईरान के संदेशों और जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के अनुभव से संकेत मिलता है कि ईरान यहां एक तरह की टोल बूथ जैसी व्यवस्था कर रहा है। जहाजों को ईरानी जलक्षेत्र में प्रवेश करने के लिए ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर द्वारा जांच से गुजरना होगा।

बता दें कि ईरान युद्ध की शुरुआत के बाद से होर्मुज जलडमरूमध्य से यातायात में 90 फीसदी की गिरावट आई है। इससे वैश्विक तेल की कीमतें आसमान छू रही हैं। एशियाई देशों में तेल की गंभीर कमी हो गई है। वहीं, पाकिस्तान का भी कहना है कि ईरान युद्ध को शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त करने के लिए क्षेत्र और उससे बाहर के सभी हितधारकों के साथ सक्रिय और रचनात्मक रूप से बातचीत कर रहा है। ट्रंप ने कहा है कि इस सप्ताह की शुरुआत में वह ईरान से मिले जिस तोहफे के बारे में बात कर रहे थे, वह 10 तेल के जहाज थे और ये पाकिस्तान के थे। ट्रंप का दावा है कि होर्मुज पर नाकेबंदी के बावजूद ईरान ने इन्हें गुजरने दिया है।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने की ईरान के साथ बंद कमरे में बैठक
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने शुक्रवार को ईरान पर बंद कमरे में परामर्श बैठक निर्धारित की। एसोसिएटेड प्रेस न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट में कहा गया है कि दो संयुक्त राष्ट्र राजनयिकों ने बताया कि रूस ने देश में नागरिक बुनियादी ढांचे पर अमेरिका-इजरायल के हमलों के मुद्दे पर बैठक का अनुरोध किया था। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की वर्तमान में बारी-बारी से अध्यक्षता कर रहे अमेरिका ने इस बैठक का निर्धारण किया है।

















