नई दिल्ली/ दोहा: अमेरिका, इजराइल और ईरान का युद्ध रुकने का नाम नहीं ले रहा है। युद्ध का 20वां दिन है। इस बीच ईरान ने कतर के रास लफ्फान इंडस्ट्रियल सिटी पर मिसाइल दागी है। यह हमला जबरदस्त बताया जा रहा है। कतर का कहना है कि ईरान के इस हमले से देश की मुख्य गैस सुविधा रास लफान इंडस्ट्रियल सिटी को काफी नुकसान पहुंचा है।
ईरान के कतर के सबसे बड़े लिक्विफाइड नेचुरल गैस (LNG) प्लांट पर हमले से डोनाल्ड ट्रंप भड़क उठे हैं। इससे पहले ईरान के प्रमुख साउथ पार्स गैस फील्ड पर इजरायल ने हमला किया था। ये ईरान की सबसे बड़ी गैस फील्ड है। इस हमले के जवाब में ईरान ने कतर की एलएनजी प्लांट को निशाना बनाया और काफी नुकसान पहुंचाया है। इस बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने आश्वासन दिया है कि इजरायल अब ईरान के प्रमुख साउथ पार्स गैस क्षेत्र पर कोई और हमला नहीं करेगा। ट्रंप का कहना है कि अगर ईरान ने कतर पर फिर से हमला किया तो अमेरिका जवाबी कार्रवाई करेगा और पूरे क्षेत्र को उड़ा दिया जाएगा।

ईरान ने यह हमला 18-19 मार्च की रात किया। कतर के विदेश मंत्रालय ने ईरान के हमले की कड़ी निंदा और भर्त्सना की है। मंत्रालय ने कहा कि हमले के कारण टर्मिनल में आग लग गई। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ईरान ने पांच बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। इनमें से चार को इंटरसेप्ट कर लिया गया लेकिन एक मिसाइल टर्मिनल पर गिरी। जिससे टर्मिनल पर भीषण आग लग गई और बुनियादी ढांचे को व्यापक नुकसान हुआ।
ट्रंप ने फिर कहा- ईरान को बिना शर्त माननी होगी हार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिर कहा कि ईरान को बिना शर्त हार माननी होगी। उन्होंने कहा कि अगर ईरान ऐसा नहीं करता है तो कोई बातचीत नहीं होगी। ट्रंप का कहना है कि इस युद्ध का मकसद ईरान की नौसेना, परमाणु ठिकाने और आतंकी नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना है। दूसरी तरफ ईरान ने साफ कर दिया है कि वह हार नहीं मानेगा और अमेरिका और इजराइल को जवाब देगा।

















