नई दिल्ली: देशभर के कई राज्यों में भारी बारिश हो रही है। मानसून की विदाई से पहले बादल जमकर बरस रहे हैं। हिमाचल में भी बारिश के कारण भूस्खलन की चिंता बढ़ गई है। यहां के पहाड़ी इलाकों में बारिश हो रही है। शिमला के चिड़गांव क्षेत्र में बारिश के कारण जांगलिख पुल के पास सोमवार सुबह अचानक पहाड़ी का एक हिस्सा टूटकर नीचे आ गया।
सड़क पर मलबा और बड़े-बड़े पत्थर जमा हो गए। इससे वाहनों की आवाजाही रुक गई। यहां रविवार से ही रुक-रुककर पत्थर गिर रहे थे। सोमवार सुबह स्थिति अचानक बिगड़ी और पहाड़ी का बड़ा हिस्सा खिसक गया।
जिससे अफरा-तफरी का माहौल बन गया और वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। रोहड़ू के एसडीएम धर्मेश रमोत्रा का कहना है कि अचानक जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी। प्रशासन ने जांगलिख इलाके के साथ-साथ पब्बर नदी और आसपास की खड्डों के किनारे अनावश्यक रूप से जाने से बचने को कहा है। बता दें कि शिमला और आसपास के इलाकों में सोमवार को बारिश हुई।
















