प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजरायल दौरा के दौरान तेल अवीव में एक अलग ही नजारा देखने को मिला। जैसे ही पीएम मोदी का विमान रनवे पर उतरा, वहां भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत में सिर्फ औपचारिक कूटनीतिक ही नहीं, बल्कि गहरी दोस्ती और आत्मीयता की झलक साफ-साफ दिखाई दी। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू खुद एयरपोर्ट पर भारत के प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए पहुंचे।
‘भगवा कलर कनेक्शन’ ने खींचा सबका ध्यान
प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत में जहां लाल कालीन बिछा था, बैंड की धुन बज रही थी, लेकिन सबका एकाएक सबका ध्यान एक खास ‘कलर कनेक्शन’ ने खींच लिया। दरअसल स्वागत के दौरान एक दिलचस्प पल तब आया जब बेंजामिन नेतन्याहू ने मुस्कुराते हुए इशारा किया कि उनकी पत्नी सारा नेतन्याहू की ड्रेस का रंग बिल्कुल वैसा ही है जैसा पीएम मोदी की जैकेट के पॉकेट स्क्वायर का है।
बता दें कि सारा नेतन्याहू ने इस मौके पर खूबसूरत भगवा रंग की ड्रेस पहनी थी, जो पीएम मोदी के सिग्नेचर स्टाइल से मेल खा रही थी।
यह देख तीनों के चेहरे (पीएम मोदी, बेंजामिन नेतन्याहू, सारा नेतन्याहू) पर मुस्कान आ गई और वहां मौजूद लोग भी हंस पड़े। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी जमकर वायरल हो रहा है इसे। जिसके बाद लोगों ने इसे भगवा मैचिंग मोमेंट और इंडिया इजरायल फ्रेंडशिप का प्रतीक बताया।
PM Modi in Israel
Warmly welcomed by PM of Israel Netanyahu and her wife at the Airport. pic.twitter.com/fPIhvZYiP8
— Panchjanya (@epanchjanya) February 25, 2026
प्रोटोकॉल तोड़कर एयरपोर्ट पहुंचे नेतन्याहू
जानकारी के अनुसार बेंजामिन नेतन्याहू ने प्रोटोकॉल से हटकर खुद एयरपोर्ट जाकर पीएम मोदी का स्वागत किया। यह दृश्य भारत और इजरायल के बढ़ते रणनीतिक संबंधों की झलक भी देता है। बता दें कि इजरायल में यह बहुत कम मौकों पर देखने को मिलता है। इससे यह साफ है कि दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत संबंध भी बेहद मजबूत हैं।
दौरे के पीछे छिपे बड़े रणनीतिक मकसद
बताते चलें कि पीएम मोदी की इजरायल यात्रा सिर्फ फोटो और औपचारिकताओं तक सीमित नहीं है। इस दौरे के दौरान भारत इजरायल संबंध को नई दिशा देने के लिए कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। जिनमे मिसाइल और रक्षा तकनीक के क्षेत्र में सहयोग, खेती और जल प्रबंधन में तकनीकी साझेदारी और हाईटेक इनोवेशन को लेकर बड़े समझौते शामिल हो सकते हैं। साथ ही इस दौरे को लेकर भारत इजरायल डिफेंस डील को लेकर भी कयास लगाए जा रहे हैं।
इजरायली संसद को संबोधित करेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इजरायल दौरे का एक और अहम पड़ाव है इजरायल की संसद में पीएम मोदी का संबोधन। बता दें कि यह किसी भी विदेशी नेता के लिए बड़ा सम्मान माना जाता है। इससे दोनों देशों के राजनीतिक और कूटनीतिक रिश्तों को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।
मिडल ईस्ट के तनाव के बीच अहम दौरा
जानकारी के लिए बता दें कि पीएम मोदी का इजरायल दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब मिडल ईस्ट तनाव चरम पर है और ईरान तथा अमेरिका के बीच संबंध तनावपूर्ण बने हुए हैं। ऐसे माहौल में पीएम मोदी की यह यात्रा वैश्विक स्तर पर भी एक महत्वपूर्ण संदेश देती है।
वहीं तेल अवीव एयरपोर्ट पर दिखी वह छोटी सी मुस्कान और ‘कलर कनेक्शन’ केवल एक संयोग नहीं, बल्कि भारत और इजरायल के बीच मजबूत होते रिश्तों की प्रतीक बन गई है।
















