नई दिल्ली। दुबई से इजराइल जा रही फ्लाईदुबई (Flydubai) की एक फ्लाइट में उस वक्त बड़ा हादसा टल गया, जब विमान के अंदर एक सनसनीखेज घटना सामने आई. भारतीय पायलट स्मित पर उनके ही साथी पायलट (को-पायलट) ने चाकू से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित ने अद्भुत साहस दिखाया और यात्रियों की मदद से हमलावर पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा विमान हादसा होने से बच गया.
यह घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे की है, जब विमान में 180 लोग सवार थे. इजराइली अधिकारियों के मुताबिक, हमलावर पायलट ओमान का नागरिक था. इजराइल के एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि पायलट की सूझबूझ और हिम्मत ने 2001 के अमेरिका के 9/11 जैसी भयानक घटना को टाल दिया.
कॉकपिट में हुआ खूनी संघर्ष, डेंटिस्ट ने बचाई जान
विमान में सवार यात्रियों के लिए वह पल बेहद डरावना था. एक यात्री ने मीडिया को बताया कि सभी को लगा था कि अब वे जिंदा नहीं बचेंगे. कॉकपिट से चीखें सुनाई देने के बाद विमान में मौजूद कुछ यात्रियों और सादे कपड़ों में सफर कर रहे दो रिलीफ पायलटों ने तुरंत सूझबूझ दिखाई.
“घायल कैप्टन स्मित की जान बचाने में विमान में सफर कर रहे एक इजराइली डेंटिस्ट ने फरिश्ता बनकर मदद की। उन्होंने गंभीर हालत में घायल पायलट का विमान के अंदर ही प्राथमिक इलाज किया।”
10 पॉइंट्स में जानिए फ्लाइट में क्या-क्या हुआ
घटना से जुड़े 10 मुख्य बिंदु:
- इमरजेंसी कोड: विमान ने पहले 7700 (इमरजेंसी) और फिर 7500 (हाईजैक) कोड भेजा।
- अचानक गिरावट: फ्लाइटारडार के मुताबिक विमान कुछ ही मिनटों में 34 हजार से 16,600 फीट की ऊंचाई पर आ गया और रास्ता ताबुक की ओर मोड़ा गया।
- कॉकपिट मारपीट: पायलट और को-पायलट के बीच तीखी झड़प हुई, जिसके बाद ओमानी पायलट ने विमान को नीचे मोड़ने की कोशिश की।
- यात्रियों की मदद: आगे बैठे यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को काबू में किया।
- रिलीफ पायलट: विमान में सादे कपड़ों में मौजूद दो अन्य पायलटों ने विमान का कंट्रोल संभाला।
- खून से सना कॉकपिट: एक यात्री ने बताया कि कॉकपिट में खून बिखरा था और घायल पायलट के पास फोल्डिंग चाकू था।
- मेडिकल हेल्प: विमान में मौजूद इजराइली डेंटिस्ट ने घायल कैप्टन का तुरंत इलाज किया।
- सुरक्षा कार्रवाई: हाईजैक अलर्ट के बाद इजराइली एयरफोर्स ने फाइटर जेट रवाना किए और पीएम नेतन्याहू ने इमरजेंसी बैठक की।
- सुरक्षित लैंडिंग: विमान को सऊदी अरब के ताबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।
- उच्चस्तरीय जांच: इजराइली एजेंसियां (शिन बेट, मोसाद) और सऊदी अधिकारी आतंकी हमले की आशंका की जांच कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने इसे बेहद गंभीर सुरक्षा मामला बताते हुए कैप्टन स्मित, क्रू मेंबर और यात्रियों की बहादुरी की जमकर तारीफ की है. उन्होंने कहा कि देश उन हीरोज को सलाम करता है जिन्होंने सूझबूझ से बड़ा संकट टाल दिया.












