मुर्शिदाबाद । दिल्ली के लाल किला विस्फोट मामले की जांच अब पश्चिम बंगाल तक पहुंच गई है। विस्फोट के महज 48 घंटे बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की एक टीम बुधवार को मुर्शिदाबाद जिले के नवग्राम पहुंची। सूत्रों के अनुसार, जांच के दौरान गिरफ्तार संदिग्धों के मोबाइल फोन से एक बंगाल नंबर मिलने के बाद यह कार्रवाई की गई।
NIA की छापेमारी में मिले अहम सुराग
बुधवार सुबह नवग्राम थाना के नीम गांव में NIA टीम ने छापेमारी की और मौइनुल हसन नामक व्यक्ति से पूछताछ की। बताया जा रहा है कि मौइनुल पेशे से प्रवासी मजदूर हैं और उन्होंने पहले दिल्ली व मुंबई में काम किया था। एजेंसी को शक है कि इसी दौरान उनके कुछ आतंकी संगठनों से संपर्क बने।
मोबाइल कॉल डिटेल्स से खुली कड़ी
जांच सूत्रों के अनुसार, लाल किला ब्लास्ट केस में गिरफ्तार संदिग्धों के फोन से मौइनुल हसन का नंबर मिला था। इसी आधार पर NIA की टीम मुर्शिदाबाद पहुंची और उनके घर की तलाशी ली। स्थानीय पुलिस भी अभियान में शामिल थी।
मुर्शिदाबाद में फिर उभरे आतंकी संबंध
यह कोई पहला मौका नहीं है जब मुर्शिदाबाद में आतंकवाद से जुड़ी गतिविधियाँ उजागर हुई हैं। इसी साल फरवरी में अंसारुल्ला बांग्ला टीम के कई आतंकियों को यहीं से गिरफ्तार किया गया था। बाद में असम और अन्य राज्यों में भी छापेमारी कर हथियार और आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई थी।
लाल किला ब्लास्ट केस में 15 हिरासत में, डॉक्टरों की तलाश
अब तक लाल किला विस्फोट मामले में कुल 15 लोगों को हिरासत में लिया गया है। सूत्रों के अनुसार, NIA अब चार डॉक्टरों की भी तलाश में है जिनका इस आतंकी साजिश से संभावित संबंध हो सकता है।

















