भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर और उनकी टीम ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान खिलाड़ियों ने अपनी जीत की भावनाएं साझा कीं और प्रधानमंत्री ने भी टीम की मेहनत और हौसले की खूब सराहना की। हरमनप्रीत कौर ने बताया कि जब टीम ने फाइनल मुकाबला जीता और ट्रॉफी अपने हाथों में ली, तो वो पल बेहद खास था। उन्होंने कहा, “जब हमने फाइनल जीता और ट्रॉफी उठाई, तो लगा कि यही वो लम्हा है जिसका हम इतने सालों से इंतजार कर रहे थे।” उनकी आंखों में गर्व और खुशी साफ झलक रही थी।
यह भी पढ़ें- हनुमान जी पर आस्था रखने वाली दीप्ति शर्मा से PM मोदी बोले- मैदान में तो तुम्हारी दादागिरी चलती है? जानिए पूरी बातचीत
प्रधानमंत्री मोदी ने मुस्कुराते हुए हरमनप्रीत से पूछा कि जब आखिरी कैच उनके पास आया तो क्या उन्हें पहले से लगा था कि ऐसा होगा? इस पर हरमन ने हंसते हुए जवाब दिया, “सर, ये भगवान का प्लान था। वो आखिरी बॉल मेरे पास आई और मैंने तय किया कि अब ये मेरे हाथ से नहीं जाएगी। आज भी वो बॉल मैंने अपने बैग में संभाल कर रखी है।” प्रधानमंत्री ने हरमनप्रीत की बात सुनकर कहा, “इतने संघर्षों के बाद भी आपने कभी हिम्मत नहीं छोड़ी, यही असली नेतृत्व की पहचान है।” उन्होंने टीम की एकता और आत्मविश्वास की भी तारीफ की। प्रधानमंत्री ने कहा, “टीम स्पिरिट सिर्फ मैदान पर नहीं, बल्कि आपके हर व्यवहार और रवैये में दिखती है। यही एक सफल टीम की पहचान होती है।” हरमनप्रीत ने बताया कि टीम ने पिछले दो साल में अपने खेल के साथ-साथ मानसिक मजबूती (मेंटल स्ट्रेंथ) पर भी बहुत काम किया है। उन्होंने कहा, “हमने सीखा कि जो बीत गया उसे बदला नहीं जा सकता। इसलिए अब हम सिर्फ वर्तमान पर ध्यान देते हैं और उसी में पूरी मेहनत लगाते हैं।” इस पर प्रधानमंत्री ने प्रसन्न होकर कहा, “मतलब आपने वर्तमान में जीना सीख लिया, यही तो सबसे बड़ी बात है।” मुलाकात के दौरान बाकी खिलाड़ियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। युवा खिलाड़ी शेफाली वर्मा ने मुस्कुराते हुए कहा कि जब उन्होंने फाइनल मैच में एक कठिन कैच पकड़ा, तो उन्हें पहले से ही एहसास था कि गेंद उनके पास ही आने वाली है। इस पर प्रधानमंत्री ने मजाक करते हुए कहा, “तुम्हें तो पहले ही ट्रॉफी दिख गई थी!” इस बात पर सभी खिलाड़ी हंस पड़े और माहौल खुशियों से भर गया। मुलाकात के अंत में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “आप सब देश की प्रेरणा हैं। भारत की हर बेटी अब आपसे सीख सकती है कि अगर मन में जज्बा और मेहनत हो तो कोई भी सपना पूरा किया जा सकता है।”

















