प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को उनके संसदीय क्षेत्र काशी में आस्था और वैदिक परंपराओं के साथ विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। अहिल्याबाई घाट पर विप्र समाज के तत्वावधान में मां गंगा का पूजन और अभिषेक संपन्न हुआ।
76 बटुकों ने किया गंगा का दुग्धाभिषेक
श्री अन्नपूर्णा ऋषिकुल ब्रह्मचर्य आश्रम एवं श्री शास्त्रार्थ महाविद्यालय के 76 बटुक ब्राह्मणों ने आचार्य उदित नारायण मिश्र के नेतृत्व में 76 लीटर केशर मिश्रित जल व दूध से मां गंगा का दुग्धाभिषेक किया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शंखनाद भी किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व राज्यमंत्री एवं शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि आज देवशिल्पी विश्वकर्मा जयंती भी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आधुनिक भारत का शिल्पी कहना कोई अतिशयोक्ति नहीं होगी। उन्होंने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए ‘सबका साथ, सबका विकास और सबका प्रयास’ का मंत्र दिया है।
कार्यक्रम संयोजक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. पवन कुमार शुक्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी जी ने काशी के विकास को नई दिशा दी है। काशी विश्वनाथ कॉरिडोर का निर्माण, घाटों का सौंदर्यीकरण, बेहतर कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे के विकास से काशी का स्वरूप बदला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का गंगा नदी के प्रति दृष्टिकोण आस्था, सांस्कृतिक धरोहर और उसके संरक्षण (सफाई) पर आधारित है। इस अवसर पर डॉ. पवन शुक्ला, प्रदीप श्रीवास्तव, आशुतोष द्विवेदी, नवीन कसेरा, महंत रमेश तिवारी, संजय उपाध्याय, आकाश पाठक, सुनील यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और बटुक ब्राह्मण उपस्थित रहे।

















