वर्ल्ड कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई बातचीत ने सबका दिल जीत लिया। इस मुलाकात में दोनों के बीच आस्था, प्रेरणा और खेल को लेकर बेहद दिलचस्प बातें हुईं। दीप्ति ने प्रधानमंत्री को बताया कि उनके हाथ पर हनुमान जी का टैटू बना हुआ है। इस पर प्रधानमंत्री मुस्कुराते हुए बोले, “आप तो अपने इंस्टाग्राम पर भी जय श्री राम लिखती हैं?” दीप्ति ने जवाब दिया, “जी हां सर, क्योंकि मुझे उन पर पूरा विश्वास है। जब भी कोई कठिन समय आता है, मैं उनका नाम लेती हूं और मुझे लगता है कि सब ठीक हो जाएगा।” प्रधानमंत्री ने उनकी श्रद्धा की सराहना करते हुए कहा, “श्रद्धा जीवन में बहुत काम आती है। जब हमें किसी कठिनाई में यह भरोसा हो कि कोई हमारा साथ दे रहा है, तो हिम्मत अपने आप बढ़ जाती है।”
यह भी पढ़ें- महिला क्रिकेट टीम की ट्रॉफी जीत पर PM मोदी ने जताया गर्व, बोले- क्रिकेट सिर्फ खेल नहीं, लोगों की जिंदगी का हिस्सा है
दीप्ति ने आगे बताया कि 2017 में प्रधानमंत्री ने उनसे कहा था, “जो खिलाड़ी अपने असफलता से उठना सीख लेता है, वही सच्चा विजेता होता है।” उन्होंने कहा कि यही वाक्य उनके जीवन का मंत्र बन गया। जब भी वह किसी चुनौती का सामना करती हैं, उन्हें प्रधानमंत्री के ये शब्द याद आते हैं। बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री ने हंसते हुए पूछा, “मैदान में तो तुम्हारी दादागिरी चलती है?” इस पर दीप्ति मुस्कुराईं और बोलीं, “ऐसा कुछ नहीं सर, लेकिन मेरे थ्रो का थोड़ा खौफ जरूर रहता है।” दीप्ति ने बताया कि प्रधानमंत्री की बातें हमेशा उन्हें प्रेरणा देती हैं। उन्होंने कहा, “सर के शब्द सुनकर हमेशा मोटिवेशन मिलता है। उनकी शांति और आत्मविश्वास देखकर लगता है कि मुश्किल वक्त में भी हमें हार नहीं माननी चाहिए।” बातचीत के अंत में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत की बेटियां आज हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रही हैं। उन्होंने कहा, “आस्था, आत्मविश्वास और अनुशासन – यही तीन बातें जीवन को सफलता की ओर ले जाती हैं।” दीप्ति ने मुस्कुराते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के शब्द उनके लिए आशीर्वाद की तरह हैं और यही उन्हें हमेशा आगे बढ़ने की ताकत देते हैं।

















