दुबई से इजरायल जा रही फ्लायदुबई की उड़ान में भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला करने वाले ओमानी को-पायलट के बारे में नई जानकारी सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह व्यक्ति पहले भी सवालों के घेरे में रह चुका है। एबीसी न्यूज और वॉल स्ट्रीट जर्नल जैसी जगहों से मिली खबरों में कहा गया है कि ओमान एयर में ट्रेनिंग के दौरान उसके पास कट्टरपंथी और जिहादी गतिविधियों वाली सामग्री मिली थी।
ओमान एयर में क्या हुआ था
2024 में जब यह को-पायलट ट्रेनी था, तब उसके पास कट्टरपंथी और फिलिस्तीन का समर्थन करने वाली सामग्री पाई गई थी। इसके बाद ओमान एयर ने उसे उड़ान भरने से रोक दिया और प्रशासनिक कामों में लगा दिया। वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट में भी कहा गया है कि ओमान ने रेडिकल विचारों की वजह से उसे फ्लाइंग से बैन कर दिया था। कुछ रिपोर्ट्स में उसका नाम हमाम अल-हम्मामी बताया जा रहा है।
फ्लायदुबई में कैसे आया
अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि बैन के बावजूद वह फ्लायदुबई में को-पायलट कैसे बन गया। खासकर इजरायल जाने वाली फ्लाइट की जिम्मेदारी उसे कैसे दी गई, जबकि ओमान और इजरायल के बीच रिश्ते अच्छे नहीं हैं। यह साफ नहीं है कि ओमान ने अपनी चिंताएं दूसरी एयरलाइंस या देशों के साथ साझा की थीं या नहीं।
घटना और जांच का हाल
यह घटना बुधवार को फ्लायदुबई फ्लाइट एफजेड1073 में हुई थी। को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला किया, जिसमें कैप्टन घायल हो गए। विमान सऊदी अरब के तबुक में इमरजेंसी लैंडिंग कर पाया। आरोपी को-पायलट का सऊदी अरब में इलाज के बाद उसे आगे की जांच के लिए यूएई को सौंप दिया गया है। इजरायली अधिकारी भी यूएई की जांच में शामिल होकर पूछताछ करेंगे।
इसे भी पढ़ें: फ्लाईदुबई की फ्लाइट में स्मित मच्छार पर हमाम अलहमामी ने किया था हमला, विमान गिराने की कोशिश विफल
अधिकारियों के बयान
यूएई के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद के सलाहकार अनवर गर्गाश ने भारतीय पायलट स्मित मच्छार की हिम्मत की तारीफ की। उन्होंने कहा कि स्मित की सूझबूझ से बड़ी त्रासदी टल गई। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि हमलावर कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित था और विमान को यात्रियों समेत क्रैश करने के इरादे से आया था। उन्होंने यह भी कहा कि अगर किसी देश का हाथ पाया गया तो उसे भारी कीमत चुकानी होगी। सऊदी अरब की शुरुआती जांच में भी को-पायलट द्वारा हमला करने की बात सामने आई है।
को-पायलट ने कथित तौर पर पहले भी फिलिस्तीनियों के समर्थन और इजरायल के खिलाफ बातें कही थीं। फ्लायदुबई ने इजरायल की उड़ानें फिलहाल रोक दी हैं और पूरी जांच चल रही है।











