US Iran War: अमेरिका-इजराइल और ईरान युद्ध का गुरुवार को 13वां दिन हैं। ईरान का साफ कहना है कि अगर उसे अंतरराष्ट्रीय गारंटी मिलती है तो वो इस युद्ध को फौरन रोक देगा। वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान पर कड़ा रुख अपनाए हुए हैं। ट्रंप ने कहा कि अमेरिकी सेना ने होर्मुज क्षेत्र में ईरान के कुल 58 नौसैनिक जहाजों को नष्ट कर दिया है। साथ ही बारूदी सुरंग बिछाने वाली कम से कम 31 नावों को भी खत्म किया गया है।
ट्रंप का कहना है कि अमेरिकी सेना ने यह कार्रवाई बेहद तेजी से की है। उन्होंने बताया कि अमेरिकी सेना ने विशेष तकनीक और हथियारों का इस्तेमाल करते हुए इन जहाजों को निशाना बनाया। दूसरी तरफ, ईरान समर्थित लेबनान के आतंकवादी समूह हिजबुल्लाह ने बुधवार देर शाम इजराइल में कम से कम 150 रॉकेट दागे। हिजबुल्लाह के इस हमले को सबसे बड़ा बताया जा रहा है।
Iran Israel US War: ईरान ने युद्ध रोकने के लिए सामने रखीं 3 शर्तें, फारस के खाड़ी देशों तक फैली जंग
इजराइल बोला- ईरानी मिसाइलों ने देश के नॉर्थ और साउथ हिस्से को किया टारगेट
इजराइल डिफेंस फोर्सेज (आईडीएफ) ने लेबनान की राजधानी बेरूत में हिजबुल्लाह के गढ़ पर लड़ाकू विमानों से बमबारी की है। हिजबुल्लाह ने कई घंटों तक हमला जारी रखा। हमले में रॉकेट के अलावा ड्रोन का भी प्रयोग किया गया। इस दौरान लाखों इजराइली घरों को छोड़कर आश्रय स्थलों पर पहुंच गए।इजराइल के एक सैन्य अधिकारी ने कहा कि हिजबुल्लाह ने यह हमला ईरान के समर्थन में शुरू किया है।हिजबुल्लाह ने ताबड़तोड़ हमले शुरू कर दिए। एक घंटे के अंतराल में कम से कम 100 रॉकेट दागे। ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने इसे एकीकृत हमला बताया। इजराइल ने कहा कि ईरानी मिसाइलों ने देश के नॉर्थ और साउथ को टारगेट किया।
इजराइल डिफेंस फोर्सेज ने कहा कि हिजबुल्लाह के हमले का संकेत मिलते ही लोगों को सावधान कर दिया गया। गैलिली और हाइफ़ा में सायरन बजाए गए। सायरन की आवाज लेबनान बॉर्डर से 50 किलोमीटर तक के इलाकों में सुनी गई। आईडीएफ का आकलन है कि हिजबुल्लाह ने उत्तर में कम से कम 150 रॉकेट दागे। इनमें से कई कई रॉकेट खुले इलाकों में भी गिरे।
ट्रंप का दावा- ईरान की मिसाइल क्षमता 90 फीसदी कमजोर
ट्रंप ने दावा किया कि पिछले 11 दिनों की सैन्य कार्रवाई में ईरान की सैन्य ताकत को बड़ा झटका लगा है। ईरान की वायुसेना लगभग खत्म हो चुकी है। उसके रडार सिस्टम भी नष्ट हो गए हैं। ट्रंप का कहना है कि ईरान की मिसाइल क्षमता लगभग 90 प्रतिशत और ड्रोन क्षमता करीब 85 प्रतिशत तक कमजोर हो चुकी है।

















