नई दिल्ली: नेपाल में तख्तापलट के बाद अब Gen-Z ने नई शर्त रखी है। Gen-Z का कहना है कि अगर देश से भ्रष्टाचार खत्म करना है तो ओली सरकार के सभी नेताओं को जेल में ठूसो। Gen-Z का नेतृत्व कर रहे सुदन गुरुंग ने मांग की है कि केपी शर्मा ओली सरकार के सभी मंत्रियों को फौरन गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने कहा कि हमारी सबसे पहली मांग यही है कि भ्रष्टाचार को अगर देश से खत्म करना है तो नेताओं को जेल भेजना होगा। उन्होंने देश की नई अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की को मां बताया और कहा कि वह देश की रक्षा करेंगी।
सुशीला कार्की सरकार को भी दी धमकी, मांगें पूरी नहीं हुई तो गिरा देंगे सरकार
नेपाल के Gen-Z का कहना है कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुई तो फिर से सरकार को पलट देंगे। Gen-Z सुदन गुरुंग का कहना है कि उन्होंने नई सरकार को छह महीने का वक्त दिया है। अगर उनकी मांगें नहीं पूरी की गई तो वह सुशीला कार्की सरकार को भी गिरा देंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि सुशीला कार्की सरकार उनकी मांगों को पूरा करेंगी।
गुरंग का कहना है कि प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने एंटी करप्शन कमेटी बनाने का वादा किया है। हमले की जांच के लिए पैनल बनाया है। यह अच्छा कदम है। गौरतलब है कि सुदन गुरुंग 36 साल का है और हामी नेपाल एनजीओ का अध्यक्ष है। उसके ही संगठन ने नेपाल के युवाओं को संगठित करने का काम किया और सोशल मीडिया प्रतिबंध से शुरू हुए प्रदर्शन को आगे बढ़ाया। उसने नेपाल में युवाओं के प्रदर्शन को लीड किया और युवाओं में उसकी अच्छी खासी पकड़ है। हालांकि नेपाल के पूर्व आर्मी जनरल बिनोज बस्नेत का कहना है कि ओली और उनकी सरकार के अन्य नेताओं के खिलाफ कार्रवाई देश में फिर से बवाल को बढ़ा सकती है। ओली आज भी नेपाल की कम्युनिस्ट पार्टी (यूनिफाइड मार्क्सवादी–लेनिनवादी) के अध्यक्ष हैं।
Gen-Z प्रदर्शन में जली पूर्व PM की पत्नी को इलाज के लिए लाया गया भारत
वहीं, नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री झालानाथ खनल की पत्नी रवि लक्ष्मी चित्रकार को इलाज के लिए भारत लाया गया है। वह Gen-Z के हिंसक प्रदर्शन में बुरी तरह से जल गई थीं। Gen-Z की भीड़ ने उनके घर को आग के हवाले कर दिया था। आगजनी के वक्त पूर्व प्रधानमंत्री अपने आवास पर मौजूद नहीं थे। लेकिन उनकी पत्नी घर पर थीं। समय पर बाहर न निकल पाने के कारण वह गंभीर रूप से जल गई थीं।

















