22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया। पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस तथ्य को नकारता रहा है कि उसी के पाले आतंकियों ने पहलगाम में निर्दोष हिन्दुओं का धर्म पूछकर उनकी हत्या की थी। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे। इस हमले का एक मुख्य साजिशकर्ता ताहिर हबीब उर्फ हमजा अफगानी था, जिसे बाद में भारतीय सुरक्षा बलों ने मार गिराया। लेकिन इस कहानी में एक नया मोड़ तब आया, जब पाकिस्तान अधिक्रांत कश्मीर (POJK) के खाई गाला गांव में ताहिर के ‘जनाजा-ए-गैब’ (अनुपस्थिति में अंतिम प्रार्थना) के दौरान कुछ ऐसा हुआ कि स्थानीय लोग भड़क उठे और लश्कर-ए-तैयबा के कमांडर को खदेड़ दिया।
ऑपरेशन महादेव: आतंकियों का खात्मा
28 जुलाई 2025 को श्रीनगर के हरवान जंगल में भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने मिलकर ‘ऑपरेशन महादेव’ चलाया। इस ऑपरेशन में तीन आतंकियों को ढेर कर दिया गया, जिनमें ताहिर हबीब, सुलेमान शाह उर्फ हाशिम मूसा और यासिर उर्फ जिबरान शामिल थे। ताहिर, जो पहले पाकिस्तानी सेना में था, पहलगाम हमले का मास्टरमाइंड था। सुरक्षा बलों ने इनके पास से एम4 कार्बाइन, दो एके-47 राइफल, 17 ग्रेनेड और ढेर सारा गोला-बारूद बरामद किया। यह ऑपरेशन 14 दिन की पक्की खुफिया जानकारी और कड़ी निगरानी का नतीजा था। इसमें स्थानीय घुमंतू समुदाय की टिप्स भी बहुत काम आईं।
इसे भी पढ़ें: ओरेश्निक मिसाइल: क्यों खौफ में है अमेरिका और पश्चिम?
POJK में जनाजा और लोगों का गुस्सा
ताहिर का जनाजा POJK के खाई गाला गांव में निकला। टेलीग्राम पर वायरल एक वीडियो में गांव के बुजुर्ग ताहिर के लिए दुआ करते दिखे। इसी दौरान लश्कर का स्थानीय कमांडर रिजवान हनीफ अपने हथियारबंद साथियों के साथ जनाजे में जबरदस्ती घुसने की कोशिश करने लगा। ताहिर के परिवार ने पहले ही लश्कर के लोगों को आने से मना किया था, लेकिन रिजवान नहीं माना। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने रिजवान और उसके साथियों पर हमला बोल दिया, जिसके बाद उसे भागना पड़ा। यह घटना बताती है कि POJK में लोग अब आतंकवाद से तंग आ चुके हैं।
स्थानीय लोगों ने जिरगा बुलाने का किया फैसला
खाई गाला के लोगों ने न सिर्फ रिजवान को भगाया, बल्कि आतंकी भर्ती के खिलाफ एक जिरगा (पारंपरिक सभा) बुलाने का भी फैसला किया। यह जिरगा आतंकवाद और युवाओं की भर्ती के खिलाफ आवाज बुलंद करने के लिए होगा। ग्रामीणों का कहना है कि लश्कर-ए-तैयबा जैसे संगठन उनके नौजवानों को भटकाकर भारत के खिलाफ हमलों में झोंक देते हैं।

















