लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत अंतरराज्यीय कन्वर्जन का मामला सामने आया है। कन्वर्जन कराने वालों का जाल उत्तर प्रदेश और तमिलनाडु राज्य में फैला हुआ है। पुलिस ने कन्वर्जन गिरोह के मुखिया तमिलनाडु निवासी डेनियल, उसकी पत्नी सुबला, चंद्रभान, आरती, सीमा, अजय रावत व शीला को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से साहित्य, कन्वर्जन की बुकलेट, बैंक स्टेटमेंट, बोलेरो और एक डायरी बरामद की गई है।
पूछताछ में डेनियल ने बताई अपनी पहचान और कन्वर्जन की कहानी
कन्वर्जन गिरोह के मुखिया डेनियल ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि उसका असली नाम सुब्रमण्यम है और वह मूल रूप से तमिलनाडु का रहने वाला है। उसने सुबला नाम की ईसाई युवती से प्रेम विवाह किया था।
शादी के बाद उसकी पत्नी सुबला ने सुब्रमण्यम पर कन्वर्जन का दबाव बनाया। सुब्रमण्यम कन्वर्जन करके ईसाई बन गया और उसका नाम डेनियल हो गया। कन्वर्जन करके डेनियल बन जाने के बाद वह चर्च के इशारे पर कन्वर्जन कराने लगा। वर्ष 1998 में डेनियल और सुबला को चर्च द्वारा लखनऊ भेजा गया। कुछ समय बाद डेनियल को वाराणसी सर्किल का पास्टर बनाकर ईसाई धर्म के प्रचार के कार्य में लगाया गया।
पुलिस का दावा: चर्च से मिलता था कन्वर्जन का टारगेट और आर्थिक सहयोग
पुलिस ने बताया कि चर्च की ओर से कन्वर्जन करने के लिए टारगेट दिया जाता था। कन्वर्जन कराने के लिए वहां से पैसा भेजा जाता था। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले आर्थिक रूप से कमजोर एवं लाचार लोगों को प्रलोभन देकर कन्वर्जन कराया जा रहा था।
असाध्य बीमारियों से राहत के नाम पर ‘चंगाई’ का सहारा
पुलिस ने बताया कि कन्वर्जन करने के लिए ‘चंगाई’ का सहारा लिया जा रहा था। ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को असाध्य बीमारियों से छुटकारा दिलाने के नाम पर चंगाई की जाती थी।
चंगाई के दौरान पिपरमेंट युक्त तेल लगाने से दर्द में कुछ समय के लिए राहत मिलती थी और फिर यह विश्वास दिलाया जाता था कि प्रभु यीशु की कृपा से बीमारी ठीक हो रही है।
ग्रामीणों के विरोध के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
पुलिस ने बताया कि डेनियल और उसके अन्य साथी गांव वालों पर कन्वर्जन का दबाव बना रहे थे और उन्हें धमकी भी दे रहे थे। इससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए।
गत बुधवार को अभियुक्त बोलेरो से गांव पहुंचे। तभी ग्रामीणों ने उन्हें पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
डायरी में मिला कन्वर्जन और आर्थिक सहायता का रिकॉर्ड
तलाशी के दौरान पुलिस को एक डायरी मिली, जिसमें कन्वर्जन का विवरण लिखा हुआ है। उस डायरी में आर्थिक सहायता लेने वाले परिवारों का विवरण, कन्वर्जन करने वाले लोगों के नाम तथा अन्य संबंधित जानकारी दर्ज है।















