उत्तर प्रदेश के बरेली जनपद के इज्जतनगर में फर्जी डाक्टर एवं उसके साथी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। फर्जी डाक्टर कक्षा 8 पास है। वह यूट्यूब पर आयुर्वेद का डॉक्टर बनकर लोगों को आयुर्वेद की दवा खरीद कर इस्तेमाल करने के बारे में बताता था। इस तरह से उसने काफी धन अर्जित कर लिया था।
फर्जी आयुर्वेदिक दवाओं का खुलासा
पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से हो रही इस ठगी का संज्ञान लिया और फर्जी हर्बल और आयुर्वेदिक दवा बेचने वालों समीरुद्दीन और यूसुफ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने करीब दो लाख रुपए की नकली आयुर्वेदिक दवाएं, 12 मोबाइल फोन और नगद रूपए बरामद किए हैं। पुलिस ने आयुर्वेदिक दवाओं के साथ अभियुक्तों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। मौके से एक अभियुक्त इलियास खान फरार हो गया। पूछताछ में अभियुक्त समीरउद्दीन इंस्टाग्राम पर ‘हर्बल हैंड जड़ी-बूटी’ नाम से पेज चलाता था। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर वीडियो अपलोड कर लोगों को भ्रमित करता था।
लुभावने विज्ञापन से भी लोगों को भ्रमित कर रहा था। तीनों अभियुक्त सहारनपुर और मुरादाबाद से खाली कैप्सूल व कच्चा उत्पाद ले आते थे। उसको दवा के डिब्बों में उसको पैक करवाते थे। इसकी कीमत दो सौ रुपए आती थी। इन दवाओं को ग्राहकों को 2 हजार रुपये में बेचते थे। पुलिस ने बताया कि यह धंधा गत एक वर्ष से चल रहा था। बरेली से संचालित होने वाला यह धंधा, मुंबई, चेन्नई एवं पंजाब जैसे राज्यों में फैल चुका था। इन राज्यों में ऑनलाइन दवाएं बेची जा रही थी। कुछ लोगों को जब दवा से दिक्कत होने लगी तो लोगों ने इसकी शिकायत की थी। पुलिस ने फरार अभियुक्त इलियास खान की तलाश कर रही है। कॉल सेंटर से प्राप्त रजिस्टर के आधार पर अन्य लोगों के बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है।

















