मुंबई । विश्व के सबसे बड़े हिंदू नेतृत्व के समागम वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस (WHC) 2026 का आयोजन इस वर्ष मुंबई में किया जाएगा। तीन दिवसीय यह आयोजन 18, 19 और 20 दिसंबर 2026 को बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स स्थित जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में होगा।
60 से अधिक देशों के 4,000 से अधिक प्रतिनिधियों के भाग लेने की अपेक्षा
इस सम्मेलन में 60 से अधिक देशों से 4,000 से अधिक प्रतिनिधियों के भाग लेने की अपेक्षा है। इसमें हिंदू नेता, विचारक, उद्यमी, शिक्षाविद्, मीडिया प्रतिनिधि, पेशेवर तथा विभिन्न क्षेत्रों और संस्थाओं से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्व एक मंच पर एकत्रित होंगे।
सरसंघचालक जी करेंगे उद्घाटन सत्र को संबोधित
सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026 के उद्घाटन सत्र को संबोधित करेंगे। तीन दिवसीय इस वैश्विक समागम में 45 से अधिक सत्र और 150 से अधिक वक्ता होंगे, जिनमें अर्थव्यवस्था, शिक्षा, मीडिया, राजनीति, महिला, युवा और हिंदू संगठन सहित विविध क्षेत्रों के नेता और विशेषज्ञ भाग लेंगे।
स्वामी विज्ञानानंद ने बताया वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस का उद्देश्य
आगामी वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के बारे में बताते हुए, वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस के प्रवर्तक स्वामी विज्ञानानंद जी ने कहा, “आज हिंदू समाज दुनिया भर में पहले से कहीं अधिक दृश्यमान और सम्मानित है, लेकिन यह विश्राम का समय नहीं है। वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस अर्थव्यवस्था, शिक्षा, अकादमिक जगत, मीडिया और राजनीति जैसे प्रभाव के प्रमुख क्षेत्रों में हिंदुओं को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने का एक रणनीतिक और संरचित आंदोलन है। यह संगठनों, कार्यकर्ताओं और व्यक्तियों को साझा प्रतिबद्धता और सामूहिक संकल्प के साथ जुड़ने, सहयोग करने और योगदान देने का मंच प्रदान करता है।”
डब्ल्यूएचसी 2026 में चार विशेष प्लेनरी सत्र
उन्होंने आगे कहा कि डब्ल्यूएचसी 2026 में चार विशेष प्लेनरी सत्र होंगे – भाषा, समाज, विश्वकर्मा और धर्म।
धर्म प्लेनरी में विविध धार्मिक परंपराओं पर संवाद
धर्म प्लेनरी में भारत और विश्व के विभिन्न हिस्सों से विविध धार्मिक परंपराओं (जैसे हिंदू, बौद्ध, ताओ, शिंटो आदि धर्म-दर्शन), संप्रदायों, आध्यात्मिक संस्थानों और दार्शनिक परंपराओं का प्रतिनिधित्व करने वाले आध्यात्मिक नेता एकत्रित होंगे। यह प्लेनरी धर्म की विविध परंपराओं, उनके समकालीन महत्व तथा विभिन्न दृष्टिकोणों के बीच संवाद और विचार-विमर्श के लिए एक मंच प्रदान करेगी।
समाज प्लेनरी में सामाजिक समरसता पर चर्चा
समाज प्लेनरी हिंदू समाज के सामाजिक आयाम पर केंद्रित होगी और विभिन्न समुदायों, परंपराओं तथा सामाजिक संस्थाओं के विशेषज्ञों एवं प्रतिनिधियों को एक साथ लाकर सामाजिक समरसता, सामुदायिक विकास और हिंदू समाज के समक्ष चुनौतियों पर विचार-विमर्श करेगी।
भाषा प्लेनरी में भाषाई विविधता पर जोर
भाषा प्लेनरी हिंदू समाज की समृद्ध भाषाई विविधता को रेखांकित करेगी। इसमें भारत और विश्वभर में हिंदू समुदाय द्वारा बोली जाने वाली विभिन्न भाषाओं की सभ्यतागत ज्ञान, साहित्य, परंपराओं और सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका को सामने रखा जाएगा।
विश्वकर्मा प्लेनरी में कौशल और उद्यमिता पर चर्चा
विश्वकर्मा प्लेनरी कौशल, कुशल कार्यबल, उद्यमिता, नवाचार तथा आर्थिक और सामाजिक विकास में कारीगरों, शिल्पकारों और पेशेवरों के योगदान पर केंद्रित होगी। इसमें कुशल कार्य की गरिमा को सुदृढ़ करने और नई पीढ़ी के लिए अधिक अवसर सृजित करने के उपायों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
“समानं व्रतं सह चित्तम् – साझा प्रतिबद्धता, सामूहिक संकल्प” है थीम
वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026 की थीम है “समानं व्रतं सह चित्तम् – साझा प्रतिबद्धता, सामूहिक संकल्प”। हिंदू 1.2 अरब से अधिक लोगों का एक वैश्विक समुदाय हैं, जो लगभग 180 देशों में रहते हैं। वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस एकमात्र वैश्विक मंच है जो हिंदू नेताओं, विचारकों, कार्यकर्ताओं और संगठनों को एक छत के नीचे लाता है। इसका आयोजन हर चार वर्ष में एक बार होता है; इसके पूर्व वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस नई दिल्ली (2014), शिकागो (2018) और बैंकॉक (2023) में आयोजित हुए।
पहली बार वर्ल्ड हिंदू एक्सपो का भी होगा आयोजन
इसके अतिरिक्त स्वामी जी ने घोषणा की कि वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026 के अंतर्गत पहली बार वर्ल्ड हिंदू एक्सपो का भी आयोजन किया जा रहा है। वर्ल्ड हिंदू एक्सपो का उद्देश्य व्यापार और वाणिज्य को गति देना तथा हिंदू समाज के लिए समृद्धि और आर्थिक विकास के एक नए युग को बढ़ावा देना होगा।
कई प्रमुख नेताओं और विशेषज्ञों ने सहभागिता की पुष्टि की
सरकार, उद्योग, प्रौद्योगिकी, मीडिया और सांस्कृतिक क्षेत्रों के प्रतिष्ठित नेताओं ने वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026 में अपनी सहभागिता की पुष्टि की है। इनमें कुछ प्रमुख नाम इस प्रकार हैं –
- परम पूजनीय सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी – राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस)
- श्री देवेंद्र फडणवीस जी – माननीय मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र
- श्री हिमंता बिस्वा सरमा जी – माननीय मुख्यमंत्री, असम
- श्री मोहन यादव जी – माननीय मुख्यमंत्री, मध्य प्रदेश
- श्री विशाल चतुर्वेदी जी – लेखक-निर्देशक, हनुमान अंश
- श्री मनोज मुंतशिर जी – गीतकार, पटकथा लेखक एवं कवि
- श्री आशीष कुमार चौहान जी – प्रबंध निदेशक एवं सीईओ, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ऑफ इंडिया (एनएसई)
- सुश्री अश्विनी भिड़े जी – नगर आयुक्त, बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) एवं प्रबंध निदेशक, मुंबई मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन
- श्री घनश्याम प्रसाद जी – अध्यक्ष, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए)
- प्रो. अभय करंदीकर जी – सदस्य, नीति आयोग
- श्री संजय चक्रवर्ती जी – उपाध्यक्ष एवं प्रमुख – कॉर्पोरेट सेंटर, एलएंडटी प्रिसिजन इंजीनियरिंग एंड सिस्टम्स
- श्री संजीव सान्याल जी – सदस्य, प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (ईएसी-पीएम)
- श्री श्रीनाथ रविचंद्रन जी – सह-संस्थापक एवं सीईओ, अग्निकुल कॉसमॉस
- श्री सुमंत सिन्हा जी – संस्थापक, चेयरमैन एवं सीईओ, रीन्यू
- डॉ. विवेक राघवन जी – सह-संस्थापक, सर्वम एआई
- सुश्री मल्लिका बजाज जी – सीईओ, बैलिस्टिक लर्निंग सिस्टम्स
- प्रो. नवल प्रिंजा जी – निदेशक, प्रिंजा एंड पार्टनर्स (यूके)
- श्री शाश्वत गोयनका जी – वाइस चेयरमैन, आरपी-संजीव गोयनका ग्रुप
- श्री आर के मिश्रा जी – सह-संस्थापक, यूलू बाइक
- श्री अजय कुमार श्रीवास्तव जी – मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ, इंडियन ओवरसीज़ बैंक
इनके अतिरिक्त और भी कई बड़े नामों की सहभागिता अपेक्षित है, जिनकी घोषणा यथासमय की जाएगी।
वैश्विक मंच के रूप में आगे की दिशा तय करने का अवसर
वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026 हिंदू लीडर्स और संस्थाओं को जुड़ने, विचार-विमर्श करने, सहयोग करने और विचारों के आदान-प्रदान के लिए एक वैश्विक मंच प्रदान करेगा। साथ ही, यह हिंदू समाज के भविष्य और विश्व के प्रति उसके योगदान को लेकर संभावनाओं पर विचार करते हुए आगे की दिशा तय करने का अवसर प्रदान करेगा।
अजय पीरामल आयोजन समिति के चेयरमैन
अजय पीरामल वर्ल्ड हिंदू कांग्रेस 2026 मुंबई आयोजन समिति के चेयरमैन हैं, तथा श्री विशद मफतलाल और श्री महेश भागचन्दका वाइस चेयरमैन हैं।














