नई दिल्ली: अमेरिका, इजराइल और ईरान युद्ध अभी पूरी तरह से समाप्त नहीं हुआ है। इस बीच एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि इरान अचानक इजराइल पर हमला कर सकता है। रिपोर्ट में अंदेशा जताया गया है कि ईरान खाड़ी देशों और इजराइल पर मिसाइल और ड्रोन से हमला कर सकता है। यह रिपोर्ट ऐसे समय में आई है जब अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर को लेकर पर्दे के पीछे बातचीत चल रही है।
इजराइल के रक्षा मंत्री ने की सुरक्षा हालात की समीक्षा
‘जेरूसलम पोस्ट’ की एक रिपोर्ट में यह बात कही गयी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि खुफिया अधिकारियों ने इजराइल को इस संभावित खतरे की जानकारी दी है। इस खतरे को देखते हुए इजराइल के रक्षा मंत्री इस्रायल काट्ज और वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों ने सुरक्षा हालात की समीक्षा की है। सुरक्षा अधिकारियों का मानना है कि ईरान कूटनीतिक कोशिशों के पूरी तरह नाकाम होने से पहले ही हमला करने की कोशिश कर सकता है। अधिकारियों ने इस संभावित हमले की तुलना ‘ऑपरेशन एपिक फ्यूरी’ और ‘ऑपरेशन रोरिंग लायन’ के शुरुआती चरणों से की है। इजराइली सेना ईरान की संदिग्ध सैन्य गतिविधियों पर नजर रख रही है।
ट्रंप और नेतन्याहू के बीच भी अनबन की खबरें
ईरान और अमेरिका के बीच कई मुद्दों पर समझौता नहीं हो पा रहा है। राष्ट्रपति ट्रंप ईरान की परमाणु क्षमता को खत्म करने के अपने फैसले पर अड़े हुए हैं। उनका कहना है कि वे ईरान को परमाणु हथियार नहीं बनाने देंगे। उनका साफ कहना है कि वे ईरान के पास मौजूद संवर्धित यूरेनियम को अपने कब्जे में लेकर उसे नष्ट कर देंगे। दूसरी तरफ कई रिपोर्ट्स में ईरान को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और इस्रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के बीच कुछ मतभेदों की खबरें भी सामने आ रही हैं।

















