ईरान और इजरायल-अमेरिका के बीच चल रहे युद्ध में जहां डोनाल्ड ट्रंप ये दावा कर रहे हैं कि वो इस्लामी शासन की कब्र खोद चुके हैं। लेकिन, ईरान ने दावा किया है कि अभी वो 6 माह तक युद्ध लड़ने में सक्षम है। वहीं दूसरी ओर इजरायल ने ईरान के तेल भंडारण स्थलों पर हमला किया, जिससे वहां बड़े धमाके और आग लगी। इस बीच इजरायल के पीएम नेतन्याहू ने कहा कि ईरान के लिए अभी और सरप्राइज बाकी हैं।
ईरान छह महीने तक लड़ने का दावा
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने रविवार को फार्स न्यूज एजेंसी से बातचीत में कहा कि ईरान अमेरिका और इजरायल के साथ कम से कम छह महीने तक तेज संघर्ष जारी रख सकता है। IRGC के प्रवक्ता अली मोहम्मद नैनी ने बताया, ‘इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान की आर्म्ड फोर्सेस मौजूदा ऑपरेशन की स्पीड से कम से कम 6 महीने तक यह लड़ाई चलाने में पूरी तरह सक्षम हैं।’ उन्होंने यह भी दावा किया कि ईरान ने पूरे इलाके में अमेरिकी और इजरायली बेस तथा उनसे जुड़ी 200 से ज्यादा जगहों को निशाना बनाया है। यह बयान ऐसे समय में आया जब दोनों तरफ से हमले तेज हो गए हैं।
इसे भी पढ़ें: ट्रंप के अवैध टैरिफ उन्हीं पर भारी: अमेरिका 166 अरब डॉलर का रिफंड करेगा, भारत सहित दुनिया को राहत की उम्मीद
तेल भंडारण पर इजरायली हमला
शनिवार रात को इजरायल ने ईरान की राजधानी तेहरान और उसके आसपास के इलाकों में तेल स्टोरेज साइट्स पर हमला किया। तेहरान और पड़ोसी शहर करज में जोरदार धमाके हुए। इजरायली सेना ने कई फ्यूल स्टोरेज कॉम्प्लेक्स को टारगेट किया, जिससे आसमान में बड़ी-बड़ी आग की लपटें और धुआं उठता दिखा। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुए, जिनमें हमले वाले इलाकों से आग लगी हुई दिख रही है।
ईरानी मीडिया ने इसे अमेरिका और इजरायल का हमला बताया। यह पहली बार था जब युद्ध में किसी सिविल इंडस्ट्रियल फैसिलिटी जैसे तेल भंडारण को निशाना बनाया गया। इन साइट्स से तेहरान और आसपास के उत्तरी प्रांतों को ईंधन मिलता है, तो इससे वहां सप्लाई पर असर पड़ सकता है।
नेतन्याहू बोले-अभी कई और सरप्राइज बाकी
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान के तेल भंडारण पर हमले के बाद कहा कि ईरान के लिए अभी और कई सरप्राइज बाकी हैं। उन्होंने अगले चरण में और बड़े कदम उठाने का इशारा किया। यह बयान ऐसे समय में आया जब संघर्ष लगभग एक हफ्ते पुराना हो चुका है और दोनों तरफ से लगातार हमले हो रहे हैं। नेतन्याहू का कहना है कि ईरान को अब समझ आ जाना चाहिए कि स्थिति कितनी गंभीर है।

















