नई दिल्ली: मानसून की विदाई से पहले एक बार फिर तेज बारिश का दौर आने वाला है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अगले 70 घंटे यानी 25 से 27 सितंबर तक उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में मूसलाधार बारिश की चेतावनी मौसम विभाग द्वारा जारी की गई है।
विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में 25 और 26 सितंबर को भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके अलावा 27 सितंबर के लिए भी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड में भी 26 सितंबर और 27 सितंबर को मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी है।मौसम विभाग का कहना है कि दोनों ही राज्यों में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चलेंगी।
उत्तराखंड में बारिश का असर 28 सितंबर को भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल, सिक्किम और झारखंड में भी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ ही भूस्खलन की चेतावनी भी जारी की गई है। कई राज्यों में विदाई से पहले मानसून की वापसी भी हुई है। जिनमें राजस्थान शामिल है। इन राज्यों में अभी बारिश हो रही है। अगले कुछ दिनों की बारिश के बाद मौसम में फिर से बदलाव होगा।















