मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ-2025) और मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के लाभार्थी परिवारों को खुद चेक बांटकर आर्थिक मदद दी।प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मुख्यमंत्री ने हरदोई के गोकर्ण को 2.11 लाख रुपये, हमीरपुर के मोहन लाल को 1.72 लाख रुपये, एटा की विनीता देवी को 1.17 लाख रुपये, जालौन के शिवम राजावत को 1.03 लाख रुपये और कन्नौज की सुशीला सिंह को 88,000 रुपये का मुआवजा चेक दिया।
आपदा राहत और युवा सम्मान के तहत करोड़ों की सहायता वितरित
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कृषि यंत्रीकरण के तहत एग्रीग्रेटर में रायबरेली के कुलदीप मौर्य को 32 लाख, सीएचसी (कस्टम हायरिंग सेंटर) में लखनऊ के दीपचंद्र को 22.33 लाख, लखनऊ के मटरू प्रसाद को चार लाख, एफएमबी (फॉर्म मशीनरी बैंक) के लिए रायबरेली के कृपाशंकर शुक्ल तथा सीतापुर के अखिलेश तिवारी को 8-8 लाख रुपये का अनुदान दिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने योजना के तहत रायबरेली की प्रीति, सीतापुर की रागिनी वर्मा, उन्नाव की शगुना, लखनऊ की इंदरानी व ऊषा को 5-5 लाख रुपये की क्षतिपूर्ति का चेक प्रदान किया। सीएम योगी ने मंच पर युवा आपदा मित्र कौशलेंद्र कुमार सिंह (लखनऊ), महक श्रीवास्तव (लखीमपुर खीरी), हज्र फातिमा (लखीमपुर खीरी), सुखमन कौर (लखीमपुर खीरी) व शोभित कुमार चौहान (लखीमपुर खीरी) को 5-5 लाख की जीवन बीमा पॉलिसी प्रदान की।
राहत राशि सीधे खाते में
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले आपदा आती थी और वर्षों तक पीड़ित का कोई पुरसा हाल नहीं पूछता था। पीड़ित को कम्पनसेशन नहीं मिल पाता था। आज सरकार का प्रयास होता है कि यदि आपदा आती है, तो 24 घण्टे के अन्दर पीड़ित के खाते में धनराशि पहुंच जाए। बाढ़, आकाशीय बिजली, आगजनी तथा अन्य प्रकार की आपदा के लिए वर्ष 2025-26 में राज्य आपदा मोचक निधि में 876 करोड़ रुपये आवंटित किए गए, जिसमें फसल क्षति से प्रभावित 5,14,322 किसानों को 260 करोड़ रुपये की कृषि निवेश अनुदान वितरित किया गया है। जन-हानि के 5,398 पीड़ितों को 216 करोड़ रुपये तथा मकान क्षति के 27,448 प्रभावितों को 24 करोड़ रुपये की धनराशि वितरित की जा चुकी है।
मुख्यमंत्री ने 460 करोड़ रुपये की सहायता राशि किसानों व प्रभावित परिवारों को वितरित की
मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (खरीफ 2025) के अन्तर्गत 2.51 लाख किसानों को 285 करोड़ रुपये की क्षतिपूर्ति राशि तथा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अन्तर्गत 3,500 परिवारों को 175 करोड़ रुपये की सहायता राशि के वितरण कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने बटन दबाकर लाभार्थियों के खाते में धनराशि प्रेषित की। इसके साथ ही, उन्होंने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना तथा कृषि यंत्रीकरण के लिये अनुदान योजना के 05-05 लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चेक प्रदान किये तथा 05 युवा आपदा मित्रां को जीवन बीमा कवर प्रदान किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश राज्य कृषि विकास योजना के अन्तर्गत बागपत, शामली, कासगंज और भदोही में उप कृषि निदेशक कार्यालय एवं मृदा परीक्षण प्रयोगशाला, स्मार्ट कृषि ब्यूरो स्टूडियो तथा मऊरानीपुर, जनपद झांसी में 50 कमरों के छात्रावास का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि कल ही प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की प्रेरणा से उत्तर प्रदेश सरकार का वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट में युवाओं, महिलाओं, अन्नदाता किसानों और गरीबों के लिए बहुत सारी योजनाओं की घोषणायें की गयी हैं। आज एक साथ 460 करोड़ रुपये अन्नदाता किसानों के खाते में सीधे पहुंच रहे हैं। इसमें किसी बिचौलिए की आवश्यकता नहीं पड़ी। जब हम अपनी फसल का बीमा कराते हैं, तो वह आपदा के कारण फसलां के नुकसान की भरपाई के रूप में वापस कर देता है। फसल बीमा के अन्तर्गत अच्छी फसल का बहुत छोटा सा हिस्सा प्रीमियम के रूप में लिया जाता है। यह अन्नदाता किसानों के लिए एक सम्बल है।
किसान दुर्घटना कल्याण योजना
मुख्यमंत्री जी ने कहा कि आज मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अन्तर्गत 3,500 परिवारों को 175 करोड़ 67 लाख रुपये की धनराशि उनके बैंक अकाउण्ट में प्रेषित की जा रही है। पूर्व में मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अन्तर्गत केवल किसान आच्छादित होता था। किसान परिवार के सदस्य, बटाईदार तथा सह-किसान आच्छादित नहीं होते थे। आज प्रदेश सरकार अन्नदाता किसानों, उनके सह किसानों या उनके परिवार के सदस्य की किसी दुर्घटना में अकाल मृत्यु होने पर 05 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान कर रही है। यद्यपि आपदा में किसी मनुष्य को खोने का गम रहता है, जिसकी भरपाई कोई नहीं कर सकता, लेकिन सरकार सम्बल देने के लिए खड़ी हो सकती है। सरकार हमेशा ऐसे परिवारों के साथ है और हर सम्भव सहयोग करने के लिए तैयार है। इससे पहले भी 16 जून, 2025 को 11,690 किसान या उनके आश्रित परिवारों को 561 करोड़ 86 लाख की धनराशि वितरित की गयी थी। उन्होंने कहा कि 75 जनपदों के जिलाधिकारी यह प्रयास करें कि आज आच्छादित होने वाले सभी परिवारों को आज या कल तक यह पैसा सभी आश्रित परिवारों या किसानों के बैंक खाते में हर हाल में पहुंच जाए।
कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने वर्ष 2016 में कृषकों को दैवीय आपदा, मौसम के दुष्प्रभाव या कीटों और बीमारियों के कारण फसल को होने वाले नुकसान की क्षतिपूर्ति हेतु सुरक्षा कवच के रूप में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना की शुरुआत की। विगत 9 वर्षों में मुख्यमंत्री जी के प्रयासों से राज्य के 4 करोड़ 25 लाख 98 हजार से ज्यादा किसानों को योजना के अन्तर्गत कवर किया गया। प्रदेश में डबल इंजन सरकार द्वारा योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।

















