नौकरी करने वाले हर व्यक्ति के लिए भविष्य की आर्थिक सुरक्षा बहुत जरूरी होती है। आज हम मेहनत करके कमाते हैं ताकि आने वाला समय सुरक्षित रहे। इसी सोच के साथ हर महीने हमारी सैलरी से कुछ पैसे पीएफ के रूप में कटते हैं। यह पैसा EPFO के पास सुरक्षित रहता है और उस पर ब्याज भी मिलता है। रिटायरमेंट के बाद यही पैसा हमारे और हमारे परिवार के लिए बड़ा सहारा बनता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर आपने अपने पीएफ अकाउंट में नॉमिनी नहीं जोड़ा, तो यह छोटी सी लापरवाही आपके परिवार के लिए बड़ी परेशानी बन सकती है?
नॉमिनी न होने पर क्या समस्या आती है- अगर किसी कर्मचारी की अचानक मृत्यु हो जाती है और उसके पीएफ अकाउंट में कोई नॉमिनी दर्ज नहीं है, तो उसके परिवार को पीएफ का पैसा पाने के लिए लंबी कानूनी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है। कई बार कोर्ट से उत्तराधिकार प्रमाण पत्र लेना पड़ता है। इसके लिए वकील की फीस, समय और दौड़-भाग सब कुछ करना पड़ता है। इस प्रक्रिया में महीनों लग सकते हैं और परिवार को मानसिक तनाव भी झेलना पड़ता है। वहीं अगर पहले से नॉमिनी दर्ज हो, तो पीएफ की रकम सीधे उसी व्यक्ति को मिल जाती है, जिसे खाताधारक ने चुना होता है। इसमें न तो ज्यादा कागजी काम होता है और न ही कोई परेशानी। इसलिए यह बेहद जरूरी है कि हर कर्मचारी अपने पीएफ अकाउंट में नॉमिनी जरूर जोड़ें। पहले नॉमिनी जोड़ने के लिए ऑफिस के चक्कर लगाने पड़ते थे, लेकिन अब ईपीएफओ ने यह प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर दी है। अब आप घर बैठे, मोबाइल या कंप्यूटर से कुछ ही मिनटों में ई-नॉमिनेशन कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें- EPFO का बड़ा ऐलान: अब UPI से मिनटों में निकलेगा PF पैसा, अप्रैल 2026 में लॉन्च होगा नया ऐप
पीएफ अकाउंट में नॉमिनी कैसे जोड़ें- सबसे पहले ईपीएफओ की आधिकारिक वेबसाइट https://unifiedportal-mem.epfindia.gov.in/memberinterface/ पर जाएं। यहां अपना UAN नंबर और पासवर्ड डालकर लॉगिन करें। लॉगिन करने के बाद आपके रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आएगा। OTP डालकर लॉगिन प्रक्रिया पूरी करें। लॉगिन होने के बाद ऊपर दिए गए Manage सेक्शन में जाएं और E-Nomination पर क्लिक करें। अब Provide Details पर जाकर अपनी व्यक्तिगत जानकारी जांचें और सेव करें।
इसके बाद Family Declaration में जाकर “Yes” पर क्लिक करें और Add Family Details में अपने परिवार के सदस्य की जानकारी भरें। अब Nomination Details सेक्शन में नॉमिनी का नाम, आधार नंबर, पता और कितने प्रतिशत राशि देनी है, यह भरें। सभी जानकारी सही भरने के बाद E-Sign पर क्लिक करें। आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर आए OTP को डालते ही आपकी ई-नॉमिनेशन प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। आप अपने पीएफ अकाउंट में एक से अधिक नॉमिनी भी जोड़ सकते हैं। जैसे – पत्नी, बेटा, बेटी या माता-पिता। आप यह भी तय कर सकते हैं कि किसे कितने प्रतिशत राशि मिले। उदाहरण के लिए- पत्नी- 50%, बेटा- 25%, बेटी- 5%।














