मिर्ज़ापुर । जिले में कंवर्जन के मामले को लेकर पुलिस लगातार सक्रिय है। पुलिस को सूचना मिली थी कि देहात कोतवाली क्षेत्र के खड़ंजा फॉल इलाके में मुख्य अभियुक्त फरीद छिपा हुआ है। देहात कोतवाल अमित मिश्रा और एसओजी प्रभारी राजीव सिंह की टीम ने मौके पर दबिश दी।
घायल होने के बाद गिरफ्तार
गिरफ्तारी से बचने के लिए फरीद ने पुलिस पर गोली चलाई और भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें फरीद के बाएं पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
कई धाराओं में मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार, धारा 74, 308(5), 352, 351(2) बीएनएस तथा 3/5(1) उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम में वांछित मुख्य अभियुक्त फरीद की गिरफ्तारी से मामले के अनावरण में महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
एसपी मिर्ज़ापुर ने दिए थे निर्देश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मिर्ज़ापुर सोमेन बर्मा ने एसओजी, थाना कोतवाली कटरा, कोतवाली शहर और कोतवाली देहात सहित चार पुलिस टीमों का गठन कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने के निर्देश दिए थे।
पहले गिरफ्तार दो अन्य अभियुक्त
20 जनवरी को इस घटना में शामिल दो अभियुक्तों—1. मोहम्मद शेख अली आलम पुत्र मुमताज आलम, निवासी नटवां मिल्लत नगर, थाना कोतवाली कटरा, जिला मिर्ज़ापुर तथा 2. फैजल खान पुत्र अनवार अहमद खान, निवासी गोसाई तालाब नियर मस्जिद, थाना कोतवाली शहर, जिला मिर्ज़ापुर—को गिरफ्तार किया गया था।
अन्य दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी
इनसे प्राप्त मोबाइल तथा अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर दो अन्य अभियुक्तों—जहीर पुत्र इसरार अहमद, निवासी 39वीं वाहिनी पीएसी रोड रैबना, थाना कोतवाली देहात, जिला मिर्ज़ापुर तथा शादाब पुत्र तौहीद आलम, निवासी 3बी प्रतापपुर कमैछा, थाना चाँदा, जिला सुल्तानपुर (वर्तमान पता—साईं गार्डेन, हयातनगर)—को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।
जहीर के जिमों को पुलिस ने किया सील
विवेचना के दौरान पता चला कि अभियुक्त जहीर केजीएन-01 जिम का मालिक है। इसके अलावा वह केजीएन-02, केजीएन-03 तथा आयरन फायर जिम से भी जुड़ा रहा है। पीड़िताएं पहले इन जिमों में जाती थीं। मामले की संवेदनशीलता और साक्ष्यों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने इन सभी जिमों को सील कर दिया है।
फरीद की मुठभेड़ और अस्पताल में इलाज
फरीद के छिपे होने की सूचना पर पुलिस टीम ने दबिश दी तो आरोपी ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग की और भागने की कोशिश की। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें मुख्य वांछित फरीद अहमद पुत्र अशरफ अली, निवासी पक्की सराय घंटाघर, थाना कोतवाली शहर, जिला मिर्ज़ापुर के बाएं पैर में गोली लगी।
बरामदगी और वर्तमान स्थिति
पुलिस ने मुठभेड़ में घायल/गिरफ्तार अभियुक्त को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया है, जहां उसकी हालत सामान्य है। मौके से घटना में प्रयुक्त एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस 315 बोर, एक खोखा कारतूस 315 बोर तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है।

















