मिर्जापुर । जनपद पुलिस ने थाना कोतवाली देहात में दर्ज कन्वर्जन से जुड़े मामले में गुरुवार शाम जीआरपी के हेड कांस्टेबल इरशाद खां को गिरफ्तार किया। अब तक कुल 6 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। साथ ही, बिना महिला ट्रेनर के संचालित हो रहे 5 जिम को सील किया जा चुका है।
एसपी सोमेन बर्मा ने गुरुवार शाम भदोही जीआरपी में तैनात हेड कांस्टेबल इरशाद खां की गिरफ्तारी का खुलासा किया। इससे पहले गुरुवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद मुख्य आरोपी फरीद अहमद को गिरफ्तार किया गया था।
जानकारी के अनुसार, इरशाद खां पहले 10 हजार रुपये मासिक वेतन पर किसी अन्य जिम में ट्रेनर का काम करता था। बाद में उसने 2017 में अपना जिम खोला, जिसका नाम ‘केजीएन’ रखा। इसी नाम से तीन जिम संचालित हो रहे थे, जिन्हें उसके परिवारजन और रिश्तेदार ही चला रहे थे।
इन जिमों में एक सुनियोजित तरीके से संभ्रांत परिवारों की महिलाओं और बालिकाओं को बहला-फुसलाकर उनका फोटो खींचा जाता था। इसके बाद उन्हें बरगलाकर धन वसूली की जाती थी। अविवाहित लड़कियों की फोटोज को एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के माध्यम से एडिट कर उन पर कन्वर्जन का दबाव बनाया जा रहा था।
पुलिस ने बिना महिला ट्रेनर के चल रहे इन 5 जिमों को सील कर दिया है और मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है। आगे की जांच तेजी से चल रही है।

















