प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ महादेव के सानिध्य में आयोजित ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ में हिस्सा लेने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सोमनाथ के दौरे पर हैं। आज दूसरे दिन प्रधानमंत्री मोदी विशेष पूजा-अर्चना के बाद भव्य रोड शो यानी 108 अश्वों के साथ निकाली गई शौर्य यात्रा में शामिल हुए।
सोमनाथ में पीएम मोदी की पूजा और शौर्य यात्रा
प्रधानमंत्री मोदी सुबह सर्किट हाउस से सोमनाथ मंदिर पहुंचे। उन्होंने करीब 35 मिनट तक महादेव की पूजा-अर्चना की। इसके बाद वे शंख सर्कल पहुंचे और एक किलोमीटर लंबी शौर्य यात्रा में भाग लिया। यहां से सद्भावना ग्राउंड स्थित सभा स्थल पहुंचे। 108 प्रशिक्षित अश्वों के साथ आयोजित यह शौर्य यात्रा भारत के पराक्रम, परंपरा और संस्कृति का भव्य प्रतीक है। इस यात्रा ने सोमनाथ के इतिहास में एक यादगार अध्याय जोड़ा।
यह भी पढ़ें- सोमनाथ मंदिर का हजारों साल पुराना इतिहास जानिए
रुद्राभिषेक कर जन कल्याण की कामना
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रथम ज्योतिर्लिंग सोमनाथ का अभिषेक किया और जन कल्याण की कामना की। इस दौरान देश के 12 ज्योतिर्लिंग के प्रतिनिधियों ने वैदिक मंत्रोचारण किया। करीब चालीस मिनट तक पूजा में शामिल होने के बाद व मंदिर प्रांगण में चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल हुए और सभी का आभार व्यक्त किया। इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार के कार्यक्रम का वीडियो अपने एक्स हैंडल पर साझा करते हुए कहा कि सोमनाथ शाश्वत दिव्यता का एक प्रकाशस्तंभ बनकर खड़ा है। इसकी पावन उपस्थिति पीढ़ी दर पीढ़ी लोगों का मार्गदर्शन करती रही है। कल के कार्यक्रमों की झलकियां प्रस्तुत हैं, जिनमें ओंकार मंत्र का जाप और ड्रोन शो शामिल हैं।

















