नई दिल्ली: अहमदाबाद में भाजपा कार्यालय और सोमनाथ मंदिर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यहां खानपुर स्थित भाजपा के पुराने कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली। जिसके बाद पुलिस, अग्निशमन विभाग और बम निरोधक दस्ते की टीम मौके पर पहुंची और परिसर की जांच शुरू कर दी।
धमकी भरा ईमेल अहमदाबाद नगर पुलिस को मिला। जिसमें भाजपा कार्यालय के साथ ही सोमनाथ मंदिर और कोबा स्थित भाजपा कार्यालय समेत कई अन्य स्थानों को निशाना बनाने की बात कही गई है। ईमेल मिलने के बाद सभी जगहों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। धमकी की सूचना मिलते ही पुलिस और बम निरोधक दस्ते की टीम खानपुर स्थित भाजपा कार्यालय पहुंची। इसके साथ ही पुलिस ने सोमनाथ मंदिर और कोबा स्थित भाजपा कार्यालय में भी सुरक्षा जांच शुरू की।
पुलिस को मिले ईमेल में सोमनाथ मंदिर के साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, भाजपा कार्यालय, पुलिसकर्मियों और रॉ एजेंसी को निशाना बनाने की धमकी दी गई है। धमकी भरे संदेश में हिंदुस्तान मुर्दाबाद और भाजपा मुर्दाबाद जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है। इसके अलावा पाकिस्तान जिंदाबाद और खालिस्तान जिंदाबाद जैसे नारे भी लिखे गए हैं। सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। एसीपी अद्वैत गांधी का कहना है कि ये धमकी सुबह करीब 9 बजे मिली। अलर्ट मिलने के बाद बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (बीडीएस) ने कार्यालय की पूरी तरह से जांच की। फिलहाल ईमेल किसने भेजा और इसका स्रोत क्या है, पुलिस इसकी जांच कर रही है।

















