संसद के शीतकालीन सत्र के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे। इस बार वे चुनाव प्रचार की शुरुआत मतुआ समुदाय वाले इलाके रानाघाट से करेंगे। 20 दिसंबर को नदिया जिले के रानाघाट में बड़ी जनसभा आयोजित होने वाली है।
भाजपा ने रानाघाट में तेज कीं तैयारियां
भाजपा प्रदेश महासचिव जगन्नाथ चटर्जी के अनुसार प्रधानमंत्री की जनसभा ताहेरपुर के मैदान में होगी। रानाघाट जनसभा के लिए मैदान में तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे।
बंगाल में प्रधानमंत्री मोदी की कुल 10 जनसभाएं प्रस्तावित
भाजपा सूत्रों का कहना है कि बंगाल चुनाव को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री मोदी की कुल 10 जनसभाएं होंगी। अलीपुरद्वार, दमदम और दुर्गापुर में वे पहले ही सभा कर चुके हैं। रानाघाट से आगामी सभाओं की नई श्रृंखला शुरू होगी।
मतुआ समुदाय को साधने की रणनीति
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि रानाघाट को अब मतुआगढ़ भी कहा जाता है। मतदाता सूची संशोधन पर सबसे अधिक चिंता मतुआ समुदाय में है। ऐसे में भाजपा उनकी भावनाओं को समझते हुए प्रचार की शुरुआत यहीं से कर रही है।
बंगाल भाजपा सांसदों को विशेष निर्देश
हाल ही में मतदाता सूची संशोधन और एसआईआर को लेकर प्रधानमंत्री मोदी ने भाजपा सांसदों को विशेष तौर पर सचेत किया था कि जनता, खासकर मतुआ समुदाय में किसी प्रकार का डर पैदा न हो। उनका संदेश था कि संवाद संवेदनशील और स्पष्ट होना चाहिए।
बंगाल की राजनीति में मतुआ समुदाय की अहम भूमिका
मतुआ समुदाय बंगाल की राजनीति में निर्णायक भूमिका निभाता है। भाजपा CAA और मतदाता सूची संशोधन से जुड़ी उनकी चिंताओं को दूर करने की कोशिश में है। पार्टी का लक्ष्य समुदाय का विश्वास मजबूत करना और चुनावी समर्थन सुनिश्चित करना है।

















