नई दिल्ली: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता के बाद आखिर में हमास और इजराइल गाजा युद्धविराम के पहले चरण के समझौते पर सहमत हुए हैं। अब जल्द ही हमास और इजराइल दोनों तरफ से बंधकों को रिहा किया जाएगा। सवाल उठता है कि अब इसके आगे क्या होगा? ट्रंप की गाजा युद्धविराम की घोषणा के बाद इजराइल सरकार की तरफ से भी युद्धविराम समझौते के पहले चरण के अंतिम मसौदे पर हस्ताक्षर की पुष्टि हो गई है। इससे साफ है कि अब गाजा में इजराइल युद्ध समाप्त होने वाला है। दो साल से चल रहे इस युद्ध में सैकड़ों लोग मारे गए थे।
3 दिन की बातचीत के बाद निकला नतीजा…72 घंटे अहम
‘अल जज़ीरा’ की रिपोर्ट कहती है कि दो साल में इस युद्ध में 67 हजार से अधिक फिलिस्तीनी मारे गए हैं। हालांकि इस युद्ध की शुरुआत हमास के आतंकियों द्वारा इजरायली नागरिकों के नरसंहार के बाद हुई थी। यह बात भी गौर करने लायक है। इजराइली सरकार के प्रवक्ता शोश बेड्रोसियन का कहना है कि मिस्र के शर्म अल-शेख में तीन दिनों तक चली गहन वार्ता के बाद इस युद्धविराम समझौते पर हस्ताक्षर हुए हैं। यह समझौता – युद्ध समाप्त करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की 20-सूत्रीय योजना के पहले चरण को शामिल करता है। जिसमें दोनों तरफ के बंदियों को लौटाना शामिल है। इजराइल फिलिस्तीनी कैदियों को रिहा करेगा और हमास इजराइली बंदियों को वापस लौटाएगा। इस समझौते में 72 घंटों के भीतर कैदियों की रिहाई का प्रावधान है।

अपने सैनिकों को सहमत रेखा पर वापस बुलाएगा इजराइल
अनुमान है कि गाजा में 20 जीवित इजराइली बंदी अभी हैं। इजराइल इस समौझते के बाद अपने सैनिकों को एक सहमत रेखा पर वापस बुलाएगा। हालांकि इस सहमत रेखा के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। इसका एक अस्पष्ट मानचित्र ट्रप ने 4 अक्टूबर को साझा किया था। जिसमें इजराइली वापसी क्षेत्र को पीले रंग से चिन्हित किया गया था। इसके बाद इसे पीली रेखा करार दिया गया था। इसी पीली रेखा तक गाजा से इजराइली सैनिक लौट आएंगे।
हमास की इस हरकत से ‘बौखलाया’ था इजराइल और छेड़ दिया था गाजा में व्यापक युद्ध- 2 साल पहले ये हुआ था
2 हजार फिलिस्तीनियों को लौटाएगा इजराइल….
इस समझौते के बाद हमास करीब 20 जीवित बंदियों और लगभग 25 अन्य के शवों को रिहा करेगा। ‘अल जज़ीरा’ की रिपोर्ट में यह बात कही गई है। जबकि इजराइली जेलों में बंद लगभग 2,000 फिलिस्तीनियों को रिहा किया जाएगा। हालांकि रिहा कैदियों के अंतिम विवरण की पुष्टि के बारे में अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।
अभी 80 फीसदी गाजा पर है इजराइल का कंट्रोल
वर्तमान में गाजा क्षेत्र के करीब 80 फीसदी से अधिक क्षेत्र पर इजराइल का कंट्रोल है। आदेश मिलते ही इजराइली सैनिक गाजा से पीछे हटकर उस पीली रेखा पर आ जाएंगे जिसके बारे में अभी स्पष्ट नहीं है। यह अंतिम नक्शा भी अभी जारी नहीं हुआ है। इजराइल गाजा में आने-जाने वाले सभी क्रॉसिंग को नियंत्रित करना जारी रखेगा जिसमें मिस्र के साथ राफा क्रॉसिंग भी शामिल है।

समझौते के दूसरे चरण पर सहमति बाकी…..
ट्रंप द्वारा पेश किए गए 20-सूत्रीय योजना के दूसरे चरण पर अभी हमास और इजराइल में सहमति बनना बाकी है। यह बात भी सच है कि इजराइल और हमास के बीच गंभीर मतभेद हैं। ऐसे में दूसरे चरण की सहमति सबसे अहम है। इसमें इजराइल की गाजा से पूर्ण वापसी और हमास का निरस्त्रीकरण व गाजा मे नई सुरक्षा और शासन व्यवस्था की स्थापना शामिल है। ऐसे में दूसरे चरण की सहमति पर भी सबकी नजरें हैं।
Gaza Ceasefire: सहमत हुए Israel- Hamas, Modi- Starmer ने किया स्वागत, UN ने कही ये बात, अब आगे क्या?
दुनियाभर में युद्धविराम का स्वागत….
इस युद्धविराम के बारे में सबसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जानकारी दी। इसके बाद दुनियाभर में इसका स्वागत हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस युद्धविराम के फैसले का स्वागत किया। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने कहा है कि अब गाजा में सहायता वितरण को बढ़ाने और पुनर्स्थापना एवं पुनर्निर्माण प्रयासों को आगे बढ़ाना है। दोनों तरफ के लोग अपने-अपने परिजनों और बंदियों के लौटने के इंतजार में हैं।

















