पंजाब के बठिंडा की मौड़ मंडी विधानसभा सीट से विधायक सुखबीर सिंह माइसरखाना को आम आदमी पार्टी ने निलंबित कर दिया है। विधायक ने शनिवार को अपनी ही सरकार के काम पर सवाल उठाए थे।
सोशल मीडिया पर लाइव आकर उन्होंने सरकारी स्कूलों में टीचरों की कमी, स्कूलों में अपग्रेडेशन न होने की बात कही। माइसरखाना इस दौरान वीडियो में भावुक हो जाते हैं और रोते हुए कहते हैं-मेरे बच्चे खुद सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं। जब उनसे पूछता हूं आज क्या पढ़कर आए वो कहते आज टीचर ही नहीं था। प्रिंसिपल उन्हें कहते हैं कि पापा एमएलए हैं, उन्हें कहो टीचर लाएं।
उन्होंने कहा कि मैं पिट-पिट मर गया, स्कूलां दे हालात नहीं सुधरे। वो जैसे थे वैसे ही हैं। जब भी अपनी शिकायतों को लेकर सीएम साहब के पास जाता हूं, उनके पास टाइम नहीं होता। विधायक ने आगे कहा था- शिक्षा क्रान्ति की बात कही जाती है, सरकारी स्कूलों में टीचरों के पद खाली पड़े हैं। लोग और स्कूली मैनेजमेंट लगातार खाली पड़े पदों को भरने की मांग करते रहे, पर आज तक कोई सुनवाई नहीं हुई।
उन्होंने कहा कि मेरी बयानबाजी के बाद मेरे खिलाफ अब पुलिस केस हो सकता है, लेकिन मैं अपने सिद्धांतों से पीछे नहीं हटूंगा और लोगों के मुद्दों को उठाता रहूंगा।















