नई दिल्ली: गाजा में दो साल से चल रहा इजराइल और हमास युद्ध शांति समझौते की ओर बढ़ गया है। इजराइल और हमास दोनों गाजा युद्धविराम समझौते के पहले चरण पर सहमत हो गए हैं। दोनों के बीच शांति समझौते के पहले चरण के सभी प्रावधानों पर सहमति बनी है। इस बात की जानकारी सबसे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दी है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर ने इस फैसले का स्वागत किया है। शांति समझौते के पहले चरण की सहमति के बाद भी कई विस्फोटों की खबरें आई हैं। समाचार एजेंसी एएफपी (AFP) के मुताबिक, गाजा युद्धविराम पर समझौते के बाद भी कल रात उत्तरी गाजा के कई इलाकों में विस्फोटों की खबरें आई हैं।
भारत के PM नरेंद्र मोदी और ब्रिटिश PM कीर स्टारमर ने किया शांति समझौते का स्वागत
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और ब्रिटिश प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने इस समझौते पर बनी सहमति का स्वागत किया है। पीएम मोदी ने कहा कि इस शांति समझौते से बंधकों की रिहाई और गाजा में लोगों को मानवीय सहायता में बढ़ोतरी मिलेगी। पीएम मोदी ने ट्रंप और इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू की तारीफ भी की है। वहीं, ब्रिटिश पीएम कीर स्टार्मर ने कहा कि वह इस शांति समझौते का स्वागत करते हैं। उन्होंने कहा कि इस समझौते को अब बिना किसी देरी के पूरी तरह से लागू किया जाना चाहिए और इसके साथ ही गाजा को जीवन रक्षक मानवीय सहायता पर सभी प्रतिबंध तुरंत हटाए जाने चाहिए।

UN ने गाजा युद्धविराम समझौते को बताया महत्वपूर्ण, हमास ने दी फिलिस्तीनी कैदियों की रिहाई के लिए सूची
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंटोनियो गुटेरेस ने गाजा युद्धविराम के पहले चरण के समझौते को महत्वपूर्ण बताया है। वहीं, इजराइल के पीएम नेतन्याहू के कार्यालय का कहना है कि नेतन्याहू और ट्रम्प के बीच बहुत ही भावुक और गर्मजोशी भरी बातचीत हुई। जिसमें उन्होंने एक-दूसरे को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई दी। वहीं, हमास ने फिलिस्तीनी कैदियों की सूची दी है जिन्हें वह इजराइल से रिहा करवाना चाहता है। इजराइल का सुरक्षा मंत्रिमंडल आज इन सूचियों के साथ-साथ व्यापक युद्धविराम समझौते को मंजूरी देने के लिए बैठक करेगा।
युद्धविराम समझौते की सहमति के बाद भी कई विस्फोट….
गाजा नागरिक सुरक्षा के एक अधिकारी मोहम्मद अल-मुगय्यर ने इजराइली हमलों की सूचना दी। उन्होंने कहा कि लड़ाई समाप्त करने के लिए समझौता हो गया है। कई इजराइली हमलों की सूचना मिली है। जिनमें गाजा शहर पर हवाई हमलों की श्रृंखला भी शामिल है। वहीं, युद्धविराम वार्ता में प्रमुख मध्यस्थ के तौर पर शामिल कतर ने भी युद्धविराम योजना के पहले चरण के सभी प्रावधानों और कार्यान्वयन तंत्रों पर सहमति बनने की पुष्टि की है।
हालांकि अब देखना यह है कि यह युद्धविराम समझौता कितने दिनों तक टिकता है। इससे पहले भी इजराइल और हमास के बीच युद्धविराम समझौता हुआ था लेकिन दोनों तरफ से इसे तोड़ दिया गया था। इस बार खास यह है कि इस युद्धविराम समझौते की मध्यस्ता अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप कर रहे हैं और उनके साथ इसमें कतर के साथ ही अन्य मुस्लिम देश भी शामिल हैं।
इजराइल-हमास युद्धविराम सहमति पर ट्रंप ने क्या कहा?
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ही सबसे पहले इजराइल और हमास गाजा योजना के पहले चरण की सहमति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पहले चरण में हमास द्वारा बंधक बनाए गए सभी लोगों की रिहाई और युद्धविराम की बात कही गई है। यह निर्णय मिस्र में हमास और इजराइल के बीच ट्रंप द्वारा फिलिस्तीनी क्षेत्र में शांति लाने के लिए निर्धारित 20-सूत्रीय रूपरेखा पर अप्रत्यक्ष वार्ता के बाद लिया गया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर लिखा, ‘मुझे यह घोषणा करते हुए बहुत गर्व हो रहा है कि इजराइल और हमास दोनों ने हमारी शांति योजना के पहले चरण पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। इसका मतलब है कि सभी बंधकों को बहुत जल्द रिहा कर दिया जाएगा और इजराइल अपने सैनिकों को एक निश्चित सीमा पर वापस बुलाएगा जो एक मजबूत, स्थायी और स्थायी शांति की दिशा में पहला कदम होगा।

















