अमृतसर। पंजाब में कमल कौर भाभी के बाद आज एक और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की हत्या कर दी गई। अमृतसर में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मैड संधू पर शनिवार को लोहारका रोड पर अज्ञात लोगों ने गोलियां चलाई। गंभीर हालत में उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें मैड संधू सड़क पर घायल हालत में दिखाई दे रहे हैं। उनके साथी उन्हें उठाकर सड़क से ले जाते नजर आ रहे हैं। गोली के खोखे भी पड़े दिख रहे हैं।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। एडीसीपी सिटी 2 ने कहा कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मैड संधू का करीब तीन महीने पहले एक निहंग जत्थेदार के साथ विवाद हुआ था। उस समय निहंग पक्ष की ओर से संधू की सोशल मीडिया गतिविधियों, पहनावे और पुरानी वीडियो को लेकर आपत्ति जताई गई थी। उन्हें ऐसी सामग्री से दूरी बनाने की चेतावनी भी दी गई थी।
विवाद के दौरान संधू ने सफाई देते हुए कहा था कि उन्होंने खुद में बदलाव किया है और पुरानी गलतियों को दोहराना बंद कर दिया है। उनका कहना था कि पुरानी वीडियो दोबारा सोशल मीडिया पर शेयर किए जाने से विवाद खड़ा किया जा रहा है। गोलीकांड के बाद पुलिस पुराने विवाद समेत अन्य पहलुओं को भी जांच में शामिल कर रही है। हालांकि, हमले के पीछे यही विवाद कारण है या नहीं, इसकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही होगी।
















