वाराणसी। सिगरा पुलिस ने एक चौंकाने वाले मामले का खुलासा किया है। मदरसा शिक्षक दानिश रजा की प्रताड़ना से तंग आकर बेगम रूबीना ने अपने शौहर को पहले रॉड से फिर चाकू से वारकर मौत की नींद सुला दिया। बादशाह बाग कॉलोनी में शुक्रवार को मदरसा टीचर दानिश रजा (45) की लाश उसके कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिली थी। हत्या की आशंका से पुलिस ने जब पत्नी रूबीना से पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस के मुताबित दानिश रजा बादशाह बाग कॉलोनी स्थित फरोग-ए-उर्दू मदरसे में शिक्षक के रूप में काम करता था। रूबीना ने पूछताछ में कबूल किया कि वह दानिश के टार्चर से काफी दिनों से परेशान थी। दानिश शराब के नशे में अक्सर उनके साथ मारपीट करता था। गुरुवार रात को भी दानिश ने अपनी बेगम को बुरी तरह पीटा था। गुस्से और तंग आकर बेगम रूबीना ने सोते समय दानिश पर पहले रॉड से प्रहार किया, फिर चाकू गोदकर कर उसकी हत्या कर दी।
रूबीना ने बताया कि दानिश का व्यवहार उसके और बच्चों के लिए सहने योग्य नहीं था। पति पत्नी के रिश्ते में गलत काम भी करता था। वह बेतहाशा मारपीट करता था और कभी-कभी बच्चों को भी पीटता था।

















