भारत में हर दिन करोड़ों लोग ट्रेन से यात्रा करते हैं। इतनी बड़ी संख्या में यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे हजारों ट्रेनें चलाता है और टिकट बुकिंग की जिम्मेदारी IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर होती है। आजकल बहुत से लोग ऑनलाइन ही टिकट बुक करना पसंद करते हैं क्योंकि यह आसान और समय बचाने वाला तरीका है। लेकिन इसके साथ-साथ कई बार गड़बड़ियां और फर्जीवाड़ा भी सामने आते हैं। इन्हीं सबको देखते हुए रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग की प्रक्रिया में कुछ बदलाव करने का फैसला किया है।
नया नियम क्या है- रेलवे ने ऑनलाइन टिकट बुकिंग से जुड़े नियमों में एक नया बदलाव किया है। अब 1 अक्टूबर 2025 से एक नया सिस्टम लागू किया जाएगा जिसके तहत सुबह 8:00 बजे से 8:15 बजे तक केवल वही यात्री टिकट बुक कर पाएंगे जिनका IRCTC अकाउंट आधार कार्ड से जुड़ा हुआ होगा। यानी जिन लोगों ने अपने IRCTC अकाउंट में आधार ऑथेंटिकेशन पूरा कर लिया है, वही इस समय स्लॉट में टिकट बुक कर सकेंगे। इस 15 मिनट के दौरान IRCTC की वेबसाइट और मोबाइल ऐप पर केवल उन्हीं यूजर्स के अकाउंट एक्टिव रहेंगे, जिन्होंने आधार से लिंक किया हुआ है। अगर किसी यात्री का अकाउंट आधार से लिंक नहीं है, तो वह इस समय में टिकट बुक नहीं कर सकेगा।
यह नियम क्यों लाया गया- IRCTC पर सुबह 8 बजे से टिकट बुकिंग का समय सबसे ज्यादा व्यस्त होता है, खासकर तत्काल टिकट बुकिंग के लिए। इसी समय में सबसे ज्यादा फर्जीवाड़े और दलाल सक्रिय रहते हैं। कई बार देखा गया है कि टिकट कुछ ही सेकंड में खत्म हो जाते हैं, जिससे आम यात्रियों को बहुत परेशानी होती है। रेलवे ने पहले भी तत्काल टिकट बुकिंग के लिए आधार ऑथेंटिकेशन अनिवार्य कर दिया था। अब उसी दिशा में आगे बढ़ते हुए यह नया नियम लाया गया है ताकि सिर्फ असली और सही यात्री ही टिकट बुक कर सकें और किसी तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके। फिलहाल यह नियम लागू नहीं हुआ है। अभी सभी यात्री पहले की तरह ही किसी भी समय टिकट बुक कर सकते हैं, चाहे उनका आधार लिंक हो या नहीं। लेकिन 1 अक्टूबर 2025 से यह नया नियम पूरी तरह से लागू कर दिया जाएगा।
आधार कैसे लिंक करें- IRCTC अकाउंट को आधार से लिंक करना बहुत आसान है। इसके लिए आपको IRCTC की वेबसाइट या मोबाइल ऐप में लॉग इन करना होगा और ‘My Profile’ सेक्शन में जाकर ‘Aadhaar KYC’ ऑप्शन चुनना होगा। वहां अपना आधार नंबर दर्ज करें और OTP डालकर वेरिफाई करें। कुछ ही मिनटों में आपका अकाउंट आधार से जुड़ जाएगा।

















