अगर आप भी ट्रेन की टिकट ऑनलाइन बुक करते हैं और पेमेंट के लिए UPI का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर जरूर पढ़ लें। खासकर तब, जब आपकी टिकट की कीमत 2,000 रुपये से ज्यादा होती है। दरअसल, UPI से जुड़े एक नए नियम को लेकर यात्रियों के बीच काफी चर्चा है। कहा जा रहा है कि 2,000 रुपये से ज्यादा की ट्रेन टिकट पर 5 रुपये का अतिरिक्त चार्ज लागू होगा। अब सवाल है कि क्या यह 5 रुपये यात्री को अपनी जेब से देने होंगे?
2000 रुपये से ज्यादा की टिकट पर क्या होगा?
दरअसल, नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (NPCI) ने कुछ P2M UPI ट्रांजैक्शन पर MDR यानी Merchant Discount Rate से जुड़ा नया फ्रेमवर्क तैयार किया है। इसके तहत 2,000 रुपये से ज्यादा के कुछ चुनिंदा UPI लेनदेन पर 5 रुपये का MDR चार्ज लागू होने की बात कही गई है। रेलवे टिकट बुकिंग भी इसके दायरे में बताई गई है। यही वजह है कि ऑनलाइन टिकट बुक करने वाले यात्रियों के मन में सवाल उठ रहा है कि अगर टिकट 2,500 या 3,000 रुपये की है, तो क्या भुगतान करते समय 5 रुपये और देने पड़ेंगे?
अगर आप भी यही सोचकर परेशान हैं कि टिकट के ऊपर अब 5 रुपये और देने होंगे, तो फिलहाल राहत की बात है। रेलवे टिकट के मामले में यह चार्ज यात्रियों से वसूले जाने की बात नहीं है। यानी अगर आपकी टिकट 2,500 रुपये की है और आप UPI से भुगतान करते हैं, तो आपको 2,500 रुपये ही देने होंगे। इस MDR की लागत यात्रियों के बजाय रेलवे या IRCTC की तरफ से संभाले जाने की व्यवस्था बताई गई है। NPCI के नए फ्रेमवर्क को 15 अक्टूबर से लागू किए जाने की घोषणा की गई है। इसलिए अगर आप आने वाले दिनों में ऑनलाइन ट्रेन टिकट बुक करने वाले हैं, तो इस बदलाव के बारे में जानकारी रखना जरूरी है। टिकट 2,000 रुपये से ज्यादा होने पर 5 रुपये का MDR चार्ज लागू हो सकता है, लेकिन इसका सीधा बोझ यात्री पर नहीं पड़ेगा। यानी टिकट बुक करते समय आपको 5 रुपये अलग से देने की जरूरत नहीं होगी।
















