कई बार घर में अचानक कोई जरूरी काम आ जाता है और दूसरे शहर जाना पड़ता है। कभी किसी रिश्तेदार की तबीयत, कभी जरूरी मीटिंग तो कभी त्योहार पर परिवार से मिलने का अचानक प्लान बन जाता है। ऐसी स्थिति में सबसे बड़ी चिंता होती है ट्रेन का टिकट। अगर यात्रा की तारीख बिल्कुल नजदीक हो, तो सामान्य टिकट में कन्फर्म सीट मिलना मुश्किल हो सकता है। ऐसे में यात्रियों के पास Tatkal Ticket का विकल्प बचता है। लेकिन तत्काल टिकट बुक करना भी किसी रेस से कम नहीं होता। बुकिंग शुरू होते ही बड़ी संख्या में लोग टिकट लेने की कोशिश करते हैं और सीटें तेजी से भरने लगती हैं। ऐसे में अगर आप टिकट बुक करने से पहले थोड़ी तैयारी कर लें, तो जल्दबाजी में होने वाली कई गलतियों से बच सकते हैं।
पहले से IRCTC में लॉगिन रखें
तत्काल टिकट की बुकिंग शुरू होने के बाद लॉगिन करने में समय न गंवाएं। कोशिश करें कि कुछ मिनट पहले ही अपने IRCTC अकाउंट में लॉगिन कर लें। यूजर आईडी और पासवर्ड भी पहले से तैयार रखें। अगर आप परिवार के कई सदस्यों का टिकट बुक करते हैं, तो Passenger Master List का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसमें नाम, उम्र और जेंडर जैसी जानकारी पहले से सेव करने पर बुकिंग के दौरान बार-बार डिटेल भरने की जरूरत नहीं पड़ती। बुकिंग शुरू होने के बाद ट्रेन खोजने में समय बर्बाद करने से बचें। पहले ही ट्रेन नंबर, यात्रा की तारीख, बोर्डिंग स्टेशन और गंतव्य तय कर लें। एक से ज्यादा ट्रेन विकल्प हैं तो उन्हें भी नोट करके रखें। तत्काल बुकिंग के दौरान धीमा इंटरनेट परेशानी पैदा कर सकता है। इसलिए बुकिंग से पहले नेटवर्क जरूर चेक करें। इसी तरह पेमेंट का तरीका भी पहले से तय रखें। UPI या उपलब्ध दूसरे डिजिटल पेमेंट विकल्प का इस्तेमाल किया जा सकता है।
टिकट बुक करते समय बार-बार Back या Refresh न करें और बीच में पेज बंद करने से बचें। ट्रेन, तारीख, स्टेशन और यात्री की जानकारी सबमिट करने से पहले एक बार जरूर जांच लें। टिकट बुक होने के बाद PNR नंबर, ट्रेन नंबर, यात्रा की तारीख और बोर्डिंग स्टेशन चेक कर लें। थोड़ी सी तैयारी और सावधानी से तत्काल टिकट बुकिंग के दौरान समय बचाया जा सकता है और अनावश्यक परेशानी से भी बचा जा सकता है।














