नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना दिवस और पावन पर्व श्री विजयदशमी के अवसर पर हर साल की तरह इस बार भी नागपुर के ऐतिहासिक रेशिमबाग मैदान पर मुख्य श्री विजयादशमी उत्सव का आयोजन होने जा रहा है। मंगलवार, 20 अक्टूबर 2026 को प्रातः 7:40 बजे से उत्सव शुरू होगा। खास बात यह है कि इस बार संघ शताब्दी वर्ष भी पूर्ण हो रहा है।
इस वर्ष के गौरवशाली उत्सव में मुख्य अतिथि प्रतिष्ठित मीडिया समूह ‘दैनिक जागरण’ के प्रधान संपादक श्री संजय गुप्ता जी होंगे। संघ शताब्दी वर्ष समापन के इस विजयादशमी उत्सव में आमंत्रित अतिथि पूर्व उपराष्ट्रपति श्री.जगदीप धनखड़ और श्री यानिव रेवाच होंगे। श्री रेवाच भारत के मध्य-पश्चिम क्षेत्र के लिए इजरायल के महावाणिज्यिक हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत जी का ओजस्वी उद्बोधन होगा। महानगर संघचालक (नागपुर) श्री राजेश लोया ने यह जानकारी साझा की।
शक्ति जागरण का उत्सव है श्री विजयादशमी
अपने हिंदू परंपरा में श्री विजयादशमी का पावन पर्व सामूहिक शक्ति जागरण का उत्सव है। इस पर्व पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नागपुर महानगर का श्री विजयादशमी उत्सव प्रतिवर्ष भव्य रूप से आयोजित होता है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना वर्ष 1925 में विजयादशमी के दिन हुई थी, उस दिन तारीख थी 27 सितंबर। लेकिन, संघ अपना स्थापना दिवस विजयादशमी पर ही मनाता है।
मीडिया के लिए यह रहेगी व्यवस्था
- प्रिंट मीडिया – पत्रकार दीर्घा में बैठने की व्यवस्था होगी।
- फोटो जर्नलिस्ट – कार्यक्रम के आरम्भ के कुछ फोटो लें तथा पूजनीय सरसंघचालक जी के उद्बोधन प्रारंभ होने के 5 मिनट के अंदर ही अपने कार्य को पूर्ण कर पत्रकार दीर्घा में पहुंचें।
- इलेक्ट्रॉनिक मीडिया – कार्यक्रम के Live Feed देने की व्यवस्था है । कृपया 1 घंटा पूर्व इसे प्राप्त कर लें।
- थेट प्रसारण – संपूर्ण कार्यक्रम का थेट प्रसारण Rssorg के यूट्यूब, फेसबुक और X यह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर होगा ।
सुरक्षा कारणों से निमंत्रण पत्रिका और कार्यालय द्वारा निर्गत पहचान पत्र के साथ 1 घंटा पूर्व, पत्रकार दीर्घा में स्थान ग्रहण करें।
















