उपराष्ट्रपति चुनाव में एनडीए उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन विजयी हुए हैं। उन्होंने इंडी गठबंधन के उम्मीदवार जस्टिस बी सुदर्शन रेड्डी को हराया है। चुनाव में 781 में से 767 संसद सदस्यों ने वोट डाला और इनमें से 15 मत अवैध हो गए। पीएम मोदी ने सीपी राधाकृष्णन को बधाई दी।
सीपी राधाकृष्णन को प्रथम वरीयता के 452 वोट मिले, जबकि बी सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट ही मिल सके। शुरुआत से ही सीपी राधाकृष्णन की जीत तय मानी जा रही थी। एनडीए के पास जीत के लिए जरूरी मत से अधिक वोट थे।
पीएम मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा- सी.पी. राधाकृष्णन जी को 2025 के उपराष्ट्रपति चुनाव में विजयी होने पर बधाई। उनका जीवन सदैव समाज सेवा और गरीबों और वंचितों को सशक्त बनाने के लिए समर्पित रहा है। मुझे विश्वास है कि वे एक उत्कृष्ट उपराष्ट्रपति होंगे, जो हमारे संवैधानिक मूल्यों को सुदृढ़ करेंगे और संसदीय संवाद को आगे बढ़ाएंगे।
उपराष्ट्रपति चुनाव कई बार दिलचस्प रहे
1952: शेख खादिर हुसैन का नामांकन खारिज हो गया था और डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन निर्विरोध निर्वाचित हुए।
1957: उपराष्ट्रपति चुनाव में भी एक बार फिर डॉ. राधाकृष्णन निर्विरोध निर्वाचित हुए
1962: डॉक्टर जाकिर हुसैन ने एनसी सामंत सिंगर को 500 से ज्यादा वोटों से हराया
1967 : वीवी गिरी ने प्रोफेसर हबीब को हराया। वीवी गिरी को 483 वोट जबकि प्रोफेसर हबीब को 193 वोट मिले
1969: गोपाल स्वरूप पाठक ने 400 प्रथम वरीयता के वोट हासिल कर जीत दर्ज की
1974 : बीडी जत्ती ने 521 वोट हासिल कर जीत दर्ज की
1979 : मोहम्मद हिदायतुल्लाह निर्विरोध निर्वाचित हुए थे
1984 : आर वेंकटरमण ने बापू चंद्रसेन कांबले को 301 वोटों के अंतर से हराया
1987 : डॉ.शंकरदयाल शर्मा निर्विरोध निर्वाचित हो गए।
1992 : के आर नारायण को 700 वोट मिले। धरती पकड़ को सिर्फ एक वोट मिला था
1997 : कृष्णकांत ने सुरजीत सिंह बरनाला को हराया था। कृष्णकांत को 441 मत मिले
2002: भैरव सिंह शेखावत ने सुशील कुमार शिंदे को हराया। भैरव सिंह शेखावत को 454 मत मले।
2007 : उपराष्ट्रपति का चुनाव त्रिकोणीय हुआ। मोहम्मद हामिद अंसारी को 455, भाजपा की डॉ. नजमा हेपतुल्लाह को 222 मत मिले थे। तीसरे उम्मीदवार रशीद मसूद को 75 वोट मिले।
2012 : उपराष्ट्रपति के चुनाव में मोहम्मद हामिद अंसारी को 490 मत मिले। जसवंत सिंह को 238 वोट मिले
2017 : एम वेंकैया नायडू 516 वोट लेकर जीत दर्ज की। महात्मा गांधी के पोते गोपाल कृष्ण गांधी को 244 वोट मिले थे।
2022 : जगदीप धनखड़ ने जीत दर्ज की। जगदीप धनखड़ को 582 मत मिले, वहीं कांग्रेस पार्टी की मार्गरेट अल्वा को महज 182 मत मिल सके

















