नई दिल्ली । बेंगलुरु से एक बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है, जिसने कॉरपोरेट ऑफिस की सुरक्षा और कार्यस्थल पर महिलाओं की गरिमा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आईटी सेक्टर की जानी-मानी कंपनी इंफोसिस के बेंगलुरु स्थित कार्यालय में काम करने वाले एक सीनियर एसोसिएट, नागेश स्वप्निल माली, को महिला सहकर्मी का टॉयलेट में वीडियो बनाते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
घटना सोमवार की है। जब एक महिला कर्मचारी ऑफिस के वॉशरूम में गई, तो उसे बगल के टॉयलेट से कुछ संदिग्ध गतिविधि महसूस हुई। जैसे ही उसने गौर से देखा, तो पाया कि नागेश छिपकर उसका वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। यह देख महिला ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद पास के अन्य कर्मचारी दौड़कर वहां पहुंचे और आरोपी नागेश को पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें – दलाई लामा ने बताया कौन होगा उत्तराधिकारी, कहा- “हमारी परंपरा जारी रहेगी”
महिला की शिकायत के आधार पर, कंपनी के एचआर विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया। नागेश का मोबाइल फोन चेक किया गया, जिसमें वीडियो फुटेज पाया गया। महिला की मौजूदगी में वीडियो को डिलीट कर दिया गया, और आरोपी को तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया गया।
क्या यह पहली बार था..?
पुलिस को संदेह है कि यह पहली घटना नहीं हो सकती। जांच अधिकारियों का कहना है कि हो सकता है कि नागेश पहले भी ऐसी हरकत कर चुका हो। इसी वजह से उसका मोबाइल फोन फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि डिलीट किए गए किसी अन्य वीडियो या डेटा के ज़रिए कोई और महिला इस अपराध की शिकार तो नहीं हुई।
यह भी पढ़ें – ‘सोनिया और राहुल ने रची थी 2000 करोड़ की साजिश’ : नेशनल हेराल्ड केस में ED ने लगाए गंभीर आरोप
बरहाल पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है, और यदि मोबाइल से पहले की रिकॉर्डिंग्स या डेटा सामने आते हैं, तो आरोपित नागेश स्वप्निल माली के खिलाफ और भी सख्त धाराएं लगाई जा सकती हैं।

















