जयपुर: राजस्थान में एक बार फिर से मौसम बदलने जा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि16 सितंबर को सूबे के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी आ सकती है। बारिश के साथ ही वज्रपात का अलर्ट भी मौसम विभाग की तरफ से जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने 16 सितंबर को टोंक, अजमेर, अलवर, जैसलमेर, जयपुर, बाड़मेर, भरतपुर, कोटा, डूंगरपुर, फलोदी, डीडवाना, जोधपुर और पाली में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 45 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है। वहीं, जयपुर में 16 सितंबर को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रहेगा तो न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा।
मौसम विभाग का कहना है कि 16-17 सितंबर को उत्तर-पश्चिमी भारत के ऊपर पश्चिमी विक्षोभ और मानसून के संयुक्त प्रभाव का असर राजस्थान के कुछ हिस्सों में दिखाई देगा। इसके चलते बीकानेर संभाग के गंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू जिलों के साथ शेखावाटी क्षेत्र में मेघगर्जन, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की प्रबल संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार भरतपुर, कोटा, उदयपुर, जयपुर और अजमेर संभागों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है। यानी इन संभागों के सभी इलाकों में बारिश होगी, ऐसा नहीं है, बल्कि कुछ स्थानों पर बारिश की गतिविधि देखने को मिल सकती है। पूर्वी राजस्थान के कई जिलों में मेघगर्जन, वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। अजमेर, अलवर, बारां, ब्यावर, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, धौलपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपूतली-बहरोड़, प्रतापगढ़, राजसमंद, सवाई माधोपुर, सीकर, सिरोही और टोंक में मौसम खराब होने की संभावना को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है।















