आज के समय में आधार कार्ड हर किसी के लिए बेहद जरूरी दस्तावेज बन गया है। बैंक का काम हो, नया मोबाइल सिम लेना हो या किसी सरकारी सेवा का फायदा उठाना हो, कई जगह आधार की जरूरत पड़ जाती है। ऐसे में अगर अचानक आपका आधार कार्ड कहीं खो जाए और उसी समय इसकी जरूरत पड़ जाए, तो परेशान होना स्वाभाविक है। हालांकि, अब फिजिकल कार्ड साथ न होने पर आप घर बैठे e-Aadhaar डाउनलोड कर सकते हैं। लेकिन कई लोगों को ऑनलाइन आधार डाउनलोड करते समय छोटी-छोटी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कभी OTP नहीं आता तो कभी वेबसाइट आगे नहीं बढ़ती। कई बार PDF डाउनलोड होने के बाद उसे खोलने में भी परेशानी आती है। अगर आप भी e-Aadhaar डाउनलोड करने जा रहे हैं, तो कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखना चाहिए।
Aadhaar Number सही भरें
आधार डाउनलोड करते समय अपना 12 अंकों का Aadhaar Number ध्यान से दर्ज करें। जल्दबाजी में एक भी अंक गलत होने पर आपकी जानकारी सत्यापित नहीं हो पाएगी और डाउनलोड प्रक्रिया रुक सकती है। कई बार समस्या आपकी तरफ से नहीं, बल्कि UIDAI की वेबसाइट या सर्वर पर ज्यादा लोड होने के कारण भी हो सकती है। अगर वेबसाइट धीमी चल रही है या बार-बार एरर आ रहा है, तो कुछ समय बाद दोबारा कोशिश करें।
OTP के लिए मोबाइल नंबर जरूरी
e-Aadhaar डाउनलोड करने के लिए रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर OTP आता है। इसलिए यह सुनिश्चित करें कि आपका मोबाइल नंबर आधार से जुड़ा हुआ है और उसमें नेटवर्क भी ठीक है। SMS की समस्या होने पर OTP मिलने में देरी हो सकती है। कमजोर इंटरनेट कनेक्शन के कारण भी आधार डाउनलोड करने की प्रक्रिया बीच में रुक सकती है। साथ ही Captcha को सही तरीके से भरना जरूरी है। Captcha समझ न आए तो नया Captcha लेकर दोबारा कोशिश कर सकते हैं।
PDF का पासवर्ड न भूलें
अगर e-Aadhaar PDF डाउनलोड होने के बाद पासवर्ड मांगती है, तो आम तौर पर नाम के पहले चार अक्षर CAPITAL में और जन्म वर्ष दर्ज करना होता है। जैसे नाम Ayushi और जन्म वर्ष 1999 है तो पासवर्ड AYUS1999 होगा। इसलिए आधार डाउनलोड करते समय जल्दबाजी न करें। सही जानकारी भरें और मोबाइल नंबर, इंटरनेट व Captcha की भी जांच कर लें। इससे e-Aadhaar डाउनलोड करने में आने वाली आम परेशानियों से आसानी से बचा जा सकता है।












