कानपुर में थाईलैंड की एक युवती के साथ ठगी करने एवं कन्वर्जन का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि इरफान पहले से शादीशुदा है और उसके तीन बच्चे हैं। इरफान ने पीड़िता के साथ ठगी की है। थाईलैंड से भारत आई पीड़िता ने आरोप लगाया है कि इरफान करीब दो वर्ष पूर्व थाईलैंड गया था। वहीं पर दोनों की मुलाकात हुई थी। कुछ समय बीत जाने के बाद जब जान पहचान काफी गहरी हो गई तो इरफान ने पीड़िता से थाईलैंड में शादी कर ली थी।
60 लाख लेने के बाद धर्म परिवर्तन का दबाव, पुलिस जांच में जुटी
शादी के बाद इरफान कानपुर लौट आया था और कानपुर से ही वह फोन करके अलग-अलग प्रकार की ज़रूरतें बता करके पीड़िता से पैसा मांगा करता था। धीरे-धीरे करके उसने पीड़िता से करीब 60 लाख रुपए लिए। पीड़िता का कहना है कि जब उसने अपने पैसे वापस मांगे तो इरफान ने उससे कन्वर्जन करने के लिए कहा और बुर्का पहनने का दबाव बनाया। इरफान ने कहा कि अगर वह कन्वर्जन कर लेती है तो रूपये वापस मिल जायेंगे।
परेशान होकर के पीड़िता ने जब इरफान के बारे में पता लगाना शुरू किया तो उसको मालूम हुआ कि इरफान पहले से शादीशुदा है। उसकी शादी 12 साल पहले हो चुकी थी और उसके तीन बच्चे हैं। पीड़िता से शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़िता की ओर से दिए गए दस्तावेजों के बारे में पुलिस छानबीन कर रही है। पुलिस की जांच में अगर आरोप की पुष्टि होती है तो उसके बाद विधिक कार्रवाई की जाएगी।

















