नई दिल्ली: मौसम विज्ञान विभाग ने 13 सितंबर के लिए मौसम का अलर्ट जारी किया है। 13 सितंबर को भी देशभर के कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। विभाग ने एक बार फिर उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश का दौर शुरू होने का अनुमान जताया है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान सहित कई राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
पंजाब में 13 से 15 सितंबर तक, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 13- 14 सितंबर को कहीं-कहीं भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया गया है। राजस्थान में भी 13 और 14 सितंबर को भारी बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान बुलेटिन में बताया कि 12 से 17 सितंबर के बीच पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कई जगहों पर बारिश हो सकती है।
वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी आगामी सप्ताह के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है। पूर्वी उत्तर प्रदेश में 13 से 14 सितंबर तक और 18 सितंबर को राज्य के पूर्वी हिस्सों में बारिश का अनुमान है। वहीं, 15 से 17 सितंबर के दौरान भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 13 सितंबर को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। इसी दिन पूर्वी राजस्थान, उत्तराखंड, कोंकण और गोवा, मराठवाड़ा, सौराष्ट्र और कच्छ तथा पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, 14 सितंबर को भी पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के अलावा अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, पूर्वी राजस्थान और मध्य महाराष्ट्र में कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। गुजरात और पश्चिमी मध्य प्रदेश में 14 सितंबर को बारिश की संभावना बताई गई है।

















