कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रवक्ता सौरभ दास पर फेक न्यूज फैलाने का आरोप लगा है। भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया की चेतावनी के बाद सौरभ ने अपनी पोस्ट को डिलीट कर दिया है। गौरव भाटिया ने दास की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शुक्रवार (4 सितंबर) को की गई पोस्ट को फर्जी बताते हुए उसे 24 घंटे के अंदर डिलीट करने और सबके सामने माफी मांगने का कहा था। इस चेतावनी के बाद दास ने पोस्ट को तुरंत डिलीट कर दिया और कहा कि यह एआई से बनाई गई थी, लेकिन उन्होंने इसके लिए सार्वजनिक तौर पर माफी नहीं मांगी।
इसके बाद गौरव भाटिया ने एक्स पर एक और पोस्ट कर सौरभ दास को बिना शर्त माफी मांगने का अल्टीमेटम दिया। भाजपा नेता ने लिखा, “पोस्ट डिलीट होने में सिर्फ 83 मिनट लगे। बिना शर्त माफी अभी भी बाकी है। अगर बिना शर्त माफी नहीं मांगी गई तो कल (6 सितंबर) एफआईआर का दिन होगा। प्रोपेगैंडा फैलाकर डिलीट करके भाग नहीं सकते।”
सौरभ दास ने पोस्ट में क्या लिखा?
सौरभ दास ने एक्स पर जो पोस्ट किया था, उसमें एक मीडिया संस्थान का नाम था और नीचे गौरव भाटिया के हवाले से लिखा गया था, ”स्वतंत्र भारद्वाज नामक युवा दिमागी नक्सली है, उसके अंदर जातिवादी जहर भरा हुआ था भाजपा सरकार से इसका कोई लेना नहीं है।” इस बयान के साथ गौरव भाटिया का नाम और उनकी तस्वीर लगाकर साथ में भाजपा नेता लिखा था।
एक और विवादित पोस्ट किया
गौरव भाटिया की चेतावनी के बाद मामला शांत होने के बजाय और बढ़ गया है। सौरभ दास ने पहला पोस्ट डिलीट कर दिया, लेकिन उसके घंटों के बाद एक और विवादित पोस्ट शेयर किया, जिससे विवाद में नया मोड़ आ गया। इस नए पोस्ट में भाजपा प्रवक्ता की तस्वीर शेयर करते लिखा, “मेरी अनक्वालिफाइड माफी (मेरी बिना शर्त माफी)।”

















