नेपाल में 26 अगस्त को आई भीषण फ्लैश फ्लड की त्रासदी से लोग अभी पूरी तरह उबर भी नहीं पाए हैं कि भोटेकोशी नदी ने एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है। नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने और तेज बहाव के साथ गर्जना की आवाज सुनाई देने के बाद नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) ने रसुवा, नुवाकोट और धादिंग जिलों के नदी तटीय इलाकों के लिए हाई अलर्ट जारी किया है।
अधिकारियों के मुताबिक, भोटेकोशी नदी में पानी का प्रवाह अचानक बढ़ा है। नदी के तेज बहाव और लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से नदी के किनारे जाने से बचने और किसी भी तरह की आपात स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की अपील की है। रसुवा जिले में स्थिति को लेकर सबसे ज्यादा सतर्कता बरती जा रही है। नदी के तटीय क्षेत्रों के साथ-साथ नेपाल-चीन सीमा के आसपास रहने वाले समुदायों को जलस्तर पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक सूचनाओं के आधार पर ही कदम उठाएं। भोटेकोशी नदी का जलस्तर बढ़ने की खबर ऐसे समय आई है, जब कुछ दिन पहले आई बाढ़ ने इन इलाकों में भारी तबाही मचाई थी। ऐसे में दोबारा नदी का उफान स्थानीय लोगों के लिए चिंता का कारण बन गया है।
नुवाकोट और धादिंग में टीमें स्टैंडबाय पर
संभावित खतरे को देखते हुए नुवाकोट और धादिंग जिलों में नदी बेसिन के आसपास आपातकालीन सेवाओं और स्थानीय प्रशासन की टीमों को अलर्ट मोड में रखा गया है। जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किया जा सके, इसके लिए संबंधित एजेंसियों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। NDRRMA ने सोशल मीडिया के माध्यम से भी लोगों को स्थिति की जानकारी दी है। प्राधिकरण के अनुसार, रसुवा जिला प्रशासन कार्यालय को भोटेकोशी नदी में उफान और तेज बहाव की आवाज सुनाई देने की सूचना मिली थी। इसके बाद नदी तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई। प्राधिकरण ने यह भी स्पष्ट किया है कि स्थिति से जुड़ी अतिरिक्त जानकारी मिलने पर लोगों को आगे अपडेट किया जाएगा। भोटेकोशी नदी को लेकर जारी यह चेतावनी इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि रसुवा, नुवाकोट और धादिंग वे इलाके हैं, जो 26 अगस्त को आई फ्लैश फ्लड से बुरी तरह प्रभावित हुए थे। अचानक आई बाढ़ ने जनजीवन को प्रभावित करने के साथ ही कई इलाकों में भारी नुकसान पहुंचाया था। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें, नदी के आसपास अनावश्यक आवाजाही न करें और प्रशासन की ओर से जारी होने वाले हर नए निर्देश का पालन करें। स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
















