आजकल मोबाइल से बैंकिंग से लेकर सरकारी काम तक सब कुछ आसानी से हो जाता है। लेकिन इसी सुविधा के साथ ऑनलाइन ठगी का खतरा भी बढ़ गया है। कई बार ठग फोन या मैसेज करके खुद को बैंक, सरकारी विभाग या EPFO का अधिकारी बताते हैं और लोगों से जरूरी जानकारी मांग लेते हैं। इसी तरह के फ्रॉड से अपने सदस्यों को बचाने के लिए कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने जरूरी सलाह जारी की है। EPFO ने साफ कहा है कि वह अपने सदस्यों से कभी भी उनकी गोपनीय जानकारी नहीं मांगता।
EPFO ने सदस्यों को किया अलर्ट
EPFO ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए लोगों को सावधान किया है। संगठन ने कहा है कि अगर किसी व्यक्ति को फोन, मैसेज, WhatsApp या ईमेल के जरिए EPFO अधिकारी बनकर कोई संपर्क करता है और निजी जानकारी मांगता है तो तुरंत सावधान हो जाएं। कई बार ठग लोगों से कहते हैं कि उनका PF खाता बंद होने वाला है या KYC अपडेट नहीं है। इसके बाद वे OTP या बैंक से जुड़ी जानकारी मांगते हैं। ऐसे किसी भी फोन पर भरोसा करना आपको भारी पड़ सकता है। EPFO ने खास तौर पर कुछ ऐसी जानकारियों को सुरक्षित रखने की सलाह दी है, जिनका इस्तेमाल ठग आपके साथ धोखाधड़ी करने के लिए कर सकते हैं।
बैंक खाते की जानकारी, OTP, UAN नंबर, पासवर्ड, PAN की जानकारी, आधार की जानकारी, अन्य निजी और बैंकिंग जानकारी। ध्यान रखें कि OTP आपके खाते की सुरक्षा के लिए होता है। इसे किसी के साथ साझा नहीं करना चाहिए, चाहे सामने वाला खुद को कितना भी बड़ा अधिकारी क्यों न बताए। साइबर ठग अब पहले से ज्यादा चालाक हो गए हैं। वे लोगों को डराकर, लालच देकर या किसी जरूरी काम का बहाना बनाकर जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं। कभी बैंक अधिकारी बनकर तो कभी EPFO कर्मचारी बनकर फोन किया जाता है। ऐसे में सिर्फ किसी के अधिकारी होने का दावा करने से उसकी बात पर विश्वास न करें। शक हो तो आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन से जांच करें।
WhatsApp की APK फाइल से रहें सावधान
ठगी के लिए WhatsApp का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। अगर किसी अनजान नंबर से APK फाइल आती है तो उसे डाउनलोड या इंस्टॉल न करें। ऐसी फाइल आपके फोन और निजी जानकारी के लिए नुकसानदायक हो सकती है। इसी तरह किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने से भी बचें। SMS, WhatsApp या ईमेल में आया हर लिंक सुरक्षित हो, यह जरूरी नहीं है। अपने फोन में ऑटो डाउनलोड बंद रखें और जरूरी अकाउंट्स पर टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन चालू रखें। अगर गलती से आपने किसी के साथ बैंक या दूसरी संवेदनशील जानकारी शेयर कर दी है तो तुरंत अपने बैंक से संपर्क करें और साइबर फ्रॉड की शिकायत करें। आम लोगों के लिए सबसे जरूरी बात यही है कि जल्दबाजी में कोई जानकारी शेयर न करें। EPFO हो या बैंक, किसी के नाम पर फोन आने से पहले उसकी पहचान की पुष्टि करें। थोड़ी सी सावधानी आपकी मेहनत की कमाई को ऑनलाइन ठगी से बचा सकती है।














